Vivah Muhurat 2026: गुरु बृहस्पति के अस्त होते ही थम गई शहनाइयों की गूंज, जानें अब कब से शुरू होगा विवाह का सीजन
TV9 Bharatvarsh July 17, 2026 12:43 PM

Vivah Muhurat 2026:देवताओं के गुरु बृहस्पति का उदित रहना विवाह के लिए बहुत आवश्यक माना जाता है. ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार, जब गुरु अस्त रहते हैं, तो विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन, नामकरण और अन्य मांगलिक कामों के शुभ फल प्राप्त नहीं होते. द्रिक पंचांग के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को शाम को 07 बजकर 59 मिनट पर गुरु ग्रह अस्त हो गए हैं. अब 12 अगस्त 2026 को सुबह 05 बजकर 03 मिनट पर वो दोबारा उदय होंगे.

गुरु के अस्त होने के साथ ही विवाह समेत तमाम शुभ कामों पर रोक लग गई है. हालांकि, 12 अगस्त को गुरु के उदय होने के साथ भी विवाह और अन्य मांगलिक काम शुरू नहीं होंगे. क्योंकि इस बीच चातुर्मास आरंभ हो जाएगा. चातुर्मास चार महीनों का एर विशेष समय होता है, जिसमें जगत के पालनहार भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं. इसको देवताओं का शयनकाल कहा जाता है, तो आइए जानतें हैं कि अब फिर से कब विवाह का सीजन शुरू होगा?

चातुर्मास में रहेगी विवाह पर रोक

हर वर्ष आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी से चातुर्मास की शुरु हो जाता है, जिसका समापन कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकदाशी के दिन होगा. इस साल 25 जुलाई से चातुर्मास प्रारंभ हो रहा है. चातुर्ममास में विवाह या अन्य कोई भी शुभ काम नहीं किया जाता है, क्योंकि मान्यता है कि देवताओं का शयनकाल होने की वजह से इस समय किए गए शुभ कामों का अच्छा फल नहीं मिलता. चातुर्मास का समय स्नान-दान, पूजा-पाठ, जप, तप साधना आदि के लिए श्रेष्ठ माना गया है.

20 नवंबर से फिर शुरू होगा विवाह का सीजन

द्रिक पंचांग के अनुसार, इस साल कार्तिक माह की देवउठनी एकदाशी 20 नवंबर को मनाई जाएगी. इस दिन भगवान श्री हरि विष्णु योगनिद्रा से उठ जाएंगे और फिर से संसार का कार्यभार संभाल लेंगे. चूंकि इस साल 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी मनाई जाएगी, इसलिए इसी दिन से विवाह समेत तमाम मांगलिक काम भी फिर से शुरू हो जाएंगे. यानी अब नवंबर में विवाह का सीजन शुरू होगा.

नवंबर और दिसंबर 2026 के विवाह मुहूर्त

नवंबर में 21, 24, 25 और 26 तारीख को विवाह के शुभ मुहूर्त हैं. वहीं साल 2026 के आखिरी महीने यानी दिसंबर में 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 दिसंबर को विवाह के शुभ मुहूर्त हैं.

ये भी पढ़ें: Ravi Pradosh Vrat 2026: जुलाई में दूसरा रवि प्रदोष व्रत कब है? जानें डेट, पूजा का शुभ मुहूर्त और विधि

Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.