NEET UG Counselling 2026: नीट यूजी 2026 का रिजल्ट जारी होने के बाद अब लाखों छात्रों की नजर मेडिकल काउंसिल कमेटी एमसीसी की ओर से जारी होने वाले काउंसलिंग शेड्यूल पर टिकी है. एमबीबीएस, बीडीएस, बीएससी नर्सिंग समेत अलग-अलग मेडिकल कोर्स में एडमिशन के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया जल्द शुरू होने की उम्मीद है. शेड्यूल जारी होते ही अभ्यर्थियों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा, जिसके बाद सीट आवंटन और एडमिशन के प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
बता दें कि इस साल नेशनल मेडिकल कमिशन के सीट मैट्रिक्स के अनुसार देश भर में एमबीबीएस की कुल 1,36,939 सीटों पर एडमिशन दिया जाएगा. इनमें 11.21 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी नीट यूजी 2026 परीक्षा में सफल हुए हैं. ऐसे में सीमित सीटों के कारण मेडिकल कॉलेज में एडमिशन के लिए बड़ा कंपटीशन देखने को मिल सकता है.
कब शुरू हो सकती है काउंसलिंग?
रिपोर्ट के अनुसार मेडिकल काउंसिल कमेटी कभी भी नीट यूजी काउंसलिंग शुरू करवा सकती है. हालांकि इसे लेकर एमसीसी ने अभी तक कोई ऑफिशियल घोषणा नहीं की है. लेकिन उम्मीद लगाई जा रही है कि 16 जुलाई को नीट यूजी का रिजल्ट जारी होने के बाद अब एमसीसी कभी भी काउंसलिंग की घोषणा कर सकता है. वहीं एमसीसी की काउंसलिंग के माध्यम से 15 प्रतिशत ऑल इंडिया कोटा की एमबीबीएस और बीडीएस सीटों के अलावा एम्स, जेआईपीएमईआर, केंद्रीय विद्यालय, डीम्ड यूनिवर्सिटी, ईएसआईसी मेडिकल कॉलेजों, एएफएमएस इंस्टीट्यूट और बीएससी नर्सिंग की सीटों पर एडमिशन दिया जाएगा. वहीं 85 प्रतिशत राज्य कोटा की सीटों पर संबंधित राज्यों की काउंसलिंग अथॉरिटी प्रवेश प्रक्रिया पूरी करेगी.
काउंसलिंग के लिए ऐसे होगा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
काउंसलिंग शुरू होने के बाद उम्मीदवारों को एमसीसी के ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर नया रजिस्ट्रेशन करना होगा. इसके बाद नीट आवेदन से जुड़ी जानकारी भरकर लॉगिन करना होगा. निर्धारित रजिस्ट्रेशन फीस जमा करने के बाद आवेदन फॉर्म सबमिट किया जा सकेगा. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वह आवेदन पूरा होने के बाद कंफर्मेशन पेज डाउनलोड कर फ्यूचर के लिए से सुरक्षित भी रख सकते हैं.
काउंसलिंग में हो सकते हैं चार राउंड
पिछले वर्षों के पैटर्न को देखते हुए इस बार भी काउंसलिंग चार चरणों में आयोजित की जा सकती है. इसमें राउंड-1, राउंड-2, मॉप अप राउंड और स्ट्रे वैकेंसी राउंड शामिल रहेंगे. हर एक चरण में सीट आवंटन के बाद उम्मीदवार को निर्धारित मेडिकल कॉलेज में रिपोर्ट करना होगा.
ये जरूरी डॉक्यूमेंट पहले से रखें तैयार
काउंसलिंग के दौरान उम्मीदवारों को कई जरूरी डॉक्यूमेंट देने होंगे. इनमें नीट यूजी 2026 का एडमिट कार्ड, स्कोर कार्ड, 10वीं और 12वीं की मार्कशीट एवं प्रमाण पत्र, वैलिड फोटो पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, दिव्यांग प्रमाण पत्र और सीट आवंटन के बाद मिलने वाला प्रोविजनल अलॉटमेंट लेटर शामिल है. डॉक्यूमेंट में किसी प्रकार की कमी होने पर एडमिशन प्रक्रिया में दिक्कत आ सकती है.