IND vs ZIM: जहां मारे 30 छक्के-चौके, वैभव सूर्यवंशी वहां लौटकर हुए खुश, करियर को फिर मिलेगी उड़ान?
TV9 Bharatvarsh July 23, 2026 02:42 AM

इंग्लैंड दौरे पर टी20 सीरीज में मिली करारी हार टीम इंडिया के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं थी. इस हार ने निराशा का माहौल बना दिया. मगर जहां पूरी टीम का प्रदर्शन सवालों के घेरे में था, वहीं इंटरनेशनल क्रिकेट में सिर्फ 15 साल की उम्र में डेब्यू करने वाले वैभव सूर्यवंशी को भी नाकामी हाथ लगी. इसी सीरीज में उन्होंने डेब्यू किया लेकिन वो सफलता हाथ नहीं लगी, जो IPL 2026 में मिली थी. या फिर उससे ठीक पहले अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में. इस निराशाजनक शुरुआत के बाद वैभव अब एक बार फिर उसी मैदान पर लौट रहे हैं, जहां उन्होंने टीम इंडिया को वर्ल्ड चैंपियन बनाया था.

हरारे लौटने पर क्या बोले वैभव?

हरारे में गुरुवार 23 जुलाई से भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी20 सीरीज शुरू होने जा रही है. इस सीरीज में 3 मैच खेले जाने हैं और इस बार ये सीरीज भारतीय टीम के लिए बहुत अहम है. जिम्बाब्वे के खिलाफ शायद ही पहले किसी टी20 सीरीज को लेकर इतनी ज्यादा उत्सुकता और बेचैनी रही होगी. वजह तो सबको पता ही है. कहीं यहां भी आयरलैंड जैसा हाल न हो जाए. मगर वैभव सूर्यवंशी की उत्सुकता कुछ अलग है और इसका इजहार उन्होंने खुलकर किया.

टी20 सीरीज शुरू होने से ठीक पहले BCCI की मीडिया टीम को दिए एक इंटरव्यू में वैभव ने हरारे लौटने पर खुशी जताई. अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल को याद करते हुए वैभव ने कहा, “हरारे मेरे लिए काफी यादगार ग्राउंड है. चार महीने पहले हम अंडर-19 वर्ल्ड कप खेले थे और जीते थे. इंडिया के लिए खेलना हर किसी का सपना होता है और इतने अच्छे मैदान पर, जहां हमने इतिहास रचा था, उस पर वापस आना और खेलने का अलग ही मजा है. खूब इंजॉय करेंगे.

अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल जैसा करेंगे कमाल?

वैभव के लिए ये वापसी सिर्फ खास ही नहीं, बल्कि अहम भी होगी. सोशल मीडिया में हुए जबरदस्त बवाल के बीच इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में उन्हें डेब्यू करवाया गया था लेकिन उन्हें वैसी सफलता हासिल नहीं हुई, जिसके लिए वो पहचान बना चुके हैं. वैभव ने इंग्लैंड दौरे पर 14, 13 और 15 रन की पारियां ही खेलीं. वहीं आखिरी मैच में उन्हें ड्रॉप कर दिया गया था.

अब वैभव को यही उम्मीद होगी कि हरारे एक बार फिर उनके लिए अच्छा साबित हो. इसी मैदान पर फरवरी में वैभव ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में सिर्फ 80 गेंदों पर 175 रन की रिकॉर्ड पारी खेली थी, जिसमें 15 छक्के और 15 चौके यानि कुल 30 बाउंड्री शामिल थीं. उस मैच जैसी ही एक आक्रामक पारी खेलकर वैभव अपने इंटरनेशनल करियर को उड़ान देना चाहेंगे.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.