बिजली निगम का गजब कारनामा! कनेक्शन तो दिया नहीं, थमा दिया बिल
TV9 Bharatvarsh July 23, 2026 02:43 PM

Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के कालवाड़ क्षेत्र में विद्युत निगम (JVVNL) का एक बड़ा कारनामा सामने आया है. विभाग के ऑनलाइन सिस्टम और जमीनी हकीकत के अंतर ने समूची कार्यप्रणाली की पोल खोलकर रख दी है. बिजली के नए कनेक्शन के लिए पैसे जमा कराने के महीनों बाद भी उपभोक्ता के घर एक इंच तार नहीं खींचा गया और न ही मीटर लगा, लेकिन सिस्टम में कनेक्शन चालू दिखाकर पहला बिजली बिल जारी कर दिया गया.

कालवाड़ क्षेत्र के निवासी महेंद्र शर्मा ने अप्रैल माह में नए बिजली कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था. विभाग द्वारा 28 अप्रैल 2026 को जारी 14,750 रुपये का डिमांड नोट उन्होंने 29 अप्रैल को ही ऑनलाइन जमा कर दिया था. नियमों के तहत भुगतान के तुरंत बाद पोल से लाइन खींचकर मीटर लगाना था. हालांकि, महीनों तक धरातल पर कोई काम नहीं हुआ. 27 जून 2026 को डिस्कॉम ने अपने ऑनलाइन सिस्टम में कनेक्शन चालू दर्ज कर दिया और जीरो रीडिंग दिखाते हुए 19.50 रुपये का बिल भी भेज दिया.

ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा वेस्ट वालों का इंतजार खत्म! सेक्टर-51 से गौर चौक तक दौड़ेगी मेट्रो, बस अंतिम मुहर लगना बाकी, देखें पूरा रूट

मीटर-केबल न होने का बहाना

विभाग की इस लेट-लतीफी और लापरवाही का शिकार एक अन्य उपभोक्ता भी हुआ है. माचवा (अशोक वाटिका) निवासी मेवा बाई ने 14 जून 2026 को आवेदन कर उसी दिन 11,720 रुपये का डिमांड नोट जमा कर दिया था. परिजन चार बार बिजली निगम के दफ्तर का चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन हर बार मीटर और केबल उपलब्ध न होने का बहाना बनाकर उन्हें लौटा दिया जाता है. मजबूरन यह परिवार बीते एक महीने से किराए पर बैटरी लाकर घर में रोशनी करने को विवश है.

डिजिटल सिस्टम की खुली पोल, जांच के आदेश

पैसे वसूलने में मिनटों का समय लगाने वाला विभाग कनेक्शन देने में महीनों लगा रहा है, जिससे ऑनलाइन पोर्टल की पारदर्शिता पर बड़े सवाल उठ रहे हैं. मामले पर कालवाड़ (जयपुर डिस्कॉम) के एईएन मनोज सिंह बिष्ट ने कहा कि उन्होंने हाल ही में कार्यभार संभाला है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की फाइलों और दस्तावेजों की गहन जांच कराई जाएगी. एईएन ने माना कि भुगतान के बावजूद कनेक्शन न देना और बिल जारी करना बेहद गंभीर मामला है. जांच के बाद दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.