जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 मैच में मयंक यादव को प्लेयर ऑफ द मैच हासिल हुआ. दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने 4 ओवर में महज 18 रन देकर 2 विकेट हासिल किए. हालांकि इतने शानदार प्रदर्शन के बाद मयंक यादव ने कुछ ऐसा कह दिया है जो भारतीय पिचों पर सवाल खड़ा कर रहा है. मयंक यादव ने इशारों ही इशारों में कहा कि भारत में खेलने के बाद उन्हें हरारे की पिच पर खेलकर मजा आया. मयंक यादव का क्या है वो पूरा बयान आइए आपको बताते हैं.
मयंक यादव ये क्या बोल गए?मयंक यादव ने प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने के बाद कहा, ‘देश की जीत में योगदान देकर अच्छा लग रहा है. ये मेरे लिए खास लम्हा है. भारत में खेलने के बाद मुझे इस पिच पर गेंदबाजी कर मजा आया.’ मयंक यादव की बात से साफ है कि उन्हें भारत में काफी फ्लैट पिच मिली और हरारे में उनकी गेंद हरकत कर रही थी. मयंक यादव आईपीएल 2026 में खेल रहे थे. 4 मैचों में वो एक भी विकेट नहीं ले पाए थे. उनका इकॉनमी रेट भी 11.37 रन प्रति ओवर रहा था. लेकिन हरारे की पिच पर आते ही उनके आंकड़े सुधर गए. वो विकेट भी लेने लगे और उनका इकॉनमी रेट भी कमाल रहा.
क्यों घबराए हुए थे मयंक यादवमयंक यादव ने बताया कि पहले टी20 के बाद वो थोड़ा घबराए हुए थे. ये खिलाड़ी 649 दिनों के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी कर रहा था. उन्होंने कहा, ‘मैं दो साल बाद आ रहा था और जब आप अपने देश के लिए खेलने आते हैं तो हमेशा दबाव रहता है. इसलिए मैं थोड़ा घबराया हुआ था. लेकिन मेरी सोच और मेरी योजना सिंपल थी . पहली गेंद पर विकेट गिरने के बाद मैं काफी शांत हो गया. मुझे आत्मविश्वास मिला.’
मयंक यादव हैं अब फिटमयंक यादव ने अपने छोटे से करियर में काफी बड़ी चोट देख ली है. दाएं हाथ हाथ के इस तेज गेंदबाज को क्राइस्टचर्च में जुलाई में पीठ में स्ट्रेस फ्रैक्चर की सर्जरी करानी पड़ी थी. मयंक ने बताया कि उन्होंने वापसी के लिए शरीर के साथ-साथ मानसिक शक्ति पर भी काम किया है. मयंक ने कहा कि वो मानसिक रूप से काफी बेहतर हुए हैं.