Khagaria News: खगड़िया में मिड डे मील में मिला मरा हुआ सांप, खाना खाते ही 24 से अधिक बच्चे बीमार
TV9 Bharatvarsh July 24, 2026 02:43 AM

Khagaria News: बिहार के खगड़िया जिले में मिड डे मील (एमडीएम) की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर गंभीर लापरवाही सामने आई है. जिले के चौथम प्रखंड स्थित कन्या मध्य विद्यालय, भूतौली में परोसे गए मिड डे मील में मरा हुआ सांप मिलने के बाद हड़कंप मच गया. भोजन करने के बाद 24 से अधिक बच्चों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें इलाज के लिए चौथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. राहत की बात यह है कि सभी बच्चों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है.

खाने में मृत सांप मिलने की सूचना से मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार, विद्यालय में बच्चों को रोजाना की तरह मिड डे मील परोसा गया था. इसी दौरान एक छात्र की थाली में मरा हुआ सांप मिलने की बात सामने आई. इसकी सूचना मिलते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. कुछ ही देर बाद भोजन करने वाले कई बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.

ये भी पढ़ें- Vaishali News: ऑनलाइन गेम में हारे लाखों, भरपाई के लिए 8 साल के मासूम का किया किडनैप; 5 लाख की फिरौती के बाद गंगा में फेंका

स्कूल पहुंचे अभिभावक

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक विद्यालय पहुंच गए. बच्चों के बीमार होने की खबर से परिजनों में दहशत फैल गई. ग्रामीणों और अभिभावकों की मदद से सभी बीमार बच्चों को चौथम सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार, सभी बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर है.

ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि मिड डे मील के भोजन में मरा हुआ सांप था, जिसे देखकर बच्चे घबरा गए. उनका कहना है कि दूषित भोजन खाने के बाद कई बच्चों की तबीयत बिगड़ गई. घटना के बाद ग्रामीणों ने मिड डे मील की गुणवत्ता और भोजन तैयार करने की व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि बच्चों के भोजन में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती.

प्रिंसिपल ने सांप मिलने से किया इनकार

वहीं, विद्यालय की प्रिंसिपल संजुला कुमारी ने मृत सांप मिलने के आरोप से इनकार किया है. उनका कहना है कि किसी बच्चे की थाली में सांप नहीं, बल्कि जोंक जैसी कोई मृत कीट प्रजाति मिली थी. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है. वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.