The Hundred 2026: 69 रन बनाए, 2 विकेट भी लिए… प्लेयर ऑफ द मैच बना कप्तान, फिर भी टीम को कैसे मिली हार?
TV9 Bharatvarsh July 24, 2026 11:43 AM

The Hundred 2026: द हंड्रेड 2026 में क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर एक रोमांचक और सांस रोक देने वाला मुकाबला देखने को मिला. लियाम लिविंगस्टन के जबरदस्त ऑलराउंड प्रदर्शन के बावजूद मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने लंदन स्पिरिट को 7 रनों से हरा दिया. मैच के आखिरी पलों में मैनचेस्टर के तेज गेंदबाजों गस एटकिंसन और सोनी बेकर ने दबाव में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए अपनी टीम को यादगार जीत दिलाई. लेकिन लियाम लिविंगस्टन ने गेंद और बल्ले से कमाल का प्रदर्शन किया और प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी जीता.

टिम साइफर्ट के डेब्यू पर जड़ा अर्धशतक

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के लिए उनके ओपनर टिम साइफर्ट ने शानदार डेब्यू किया. साइफर्ट ने धीमी शुरुआत से उबरते हुए 45 गेंदों में 67 रनों की विस्फोटक पारी खेली. हालांकि, इसके बाद लंदन स्पिरिट के गेंदबाजों ने जोरदार वापसी की. कप्तान लियाम लिविंगस्टन और एडम जम्पा ने 2-2 विकेट लेकर काफी कसी हुई गेंदबाजी की, जिसके आगे मैनचेस्टर की बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. मैनचेस्टर ने आखिरी 33 रनों के भीतर अपने 7 विकेट गंवा दिए और पूरी टीम 100 गेंदों में 138 रन ही बना सकी.

लियाम लिविंगस्टन का तूफानी अर्धशतक

139 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी लंदन स्पिरिट की शुरुआत काफी खराब रही और उसने शुरुआती 46 गेंदों में ही अपने तीन अहम विकेट खो दिए. इसके बाद कप्तान लियाम लिविंगस्टन और डेवाल्ड ब्रेविस ने पारी को संभाला और तेजी से रन बटोरने शुरू किए. लिविंगस्टोन ने सिर्फ 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने नूर अहमद के एक ही ओवर में 12 रन बटोरे और अपनी 40 गेंदों में 69 रनों की पारी के दौरान 5 गगनचुंबी छक्के जड़े. जब आखिरी 30 गेंदों में 56 रनों की जरूरत थी, तब मुकाबला पूरी तरह से बराबरी पर आ खड़ा हुआ था.

डेथ ओवर्स में गेंदबाजों का पलटवार

वहीं, जब लंदन स्पिरिट को आखिरी 10 गेंदों में जीत के लिए 21 रन चाहिए थे, तब इंग्लैंड के तेज गेंदबाज गस एटकिंसन ने मैच का रुख मोड़ दिया. उन्होंने अपनी ही गेंद पर डेवाल्ड ब्रेविस का शानदार कैच लपककर इस साझेदारी को तोड़ा. फिर आखिरी 5 गेंदों में लंदन स्पिरिट को 12 रनों की दरकार थी. स्ट्राइक पर खतरनाक रूप ले चुके लिविंगस्टन मौजूद थे, लेकिन सोनी बेकर ने एक सटीक और तेज गेंद पर लिविंगस्टन को बोल्ड कर दिया. लिविंगस्टन के आउट होते ही लंदन स्पिरिट की उम्मीदें टूट गईं और पूरी टीम 100 गेंदों में 131 रन ही बना सकी.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.