प्रेम-प्रसंग में दो मौतों का हिसाब… शाहजहांपुर कोर्ट ने 6 दोषियों को सुनाई आजीवन कारावास, जुर्माना भी ठोका
TV9 Bharatvarsh July 24, 2026 01:43 PM

Shahjahanpur Double Murder Case: यूपी के शाहजहांपुर जिले के चर्चित डबल मर्डर केस में कोर्ट ने वर्षों बाद बड़ा फैसला सुनाया है. जलालाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम डहर में प्रेम प्रसंग से शुरू हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में अदालत ने 6 दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. इसके साथ ही दोषियों पर जुर्माना भी लगाया है. आइए जानते हैं इस डबल मर्डर केस की पूरी कहानी क्या है.

यह मामला प्रेम संबंध को लेकर दो परिवारों के बीच पैदा हुई दुश्मनी से जुड़ा था, जिसने बाद में खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. पुलिस के अनुसार, पहले प्रेमी रमन पाल की कथित तौर पर प्रेमिका के पति और उसके परिजनों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी थी. इस घटना के बाद बदले की भावना में प्रेमी रमन पाल के परिजनों ने कथित तौर पर प्रेमिका ममता की गला दबाकर हत्या कर दी थी. एक के बाद एक हुई इन दोनों हत्याओं से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी.

पुलिस ने 6 आरोपियों के खिलाफ दाखिल की थी चार्जशीट

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि दोनों हत्याओं में अलग-अलग पक्षों की भूमिका थी. पुलिस ने सबूतों और गवाहों के बयानों के आधार पर दोनों पक्षों के कुल 6 आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी. इसके बाद मामला अदालत में चला, जहां लंबे समय तक सुनवाई हुई और गवाहों के बयान दर्ज किए गए.

6 आरोपी दोषी करार, मिली उम्र कैद की सजा

सभी पक्षों की दलीलें सुनने और साक्ष्यों का जांच करने के बाद अपर सत्र न्यायाधीश नेहा आनंद की कोर्ट ने सभी 6 आरोपियों को हत्या का दोषी ठहराया. अदालत ने सभी दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई. इसके अलावा चार दोषियों पर 25-25 हजार रुपये और दो दोषियों पर 55-55 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया.

अपर जिला शासकीय अधिवक्ता (एडीजीसी) विनोद शुक्ला ने बताया कि पुलिस की विवेचना और अभियोजन पक्ष द्वारा पेश किए गए साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने यह फैसला सुनाया.

ये भी पढ़ें –

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.