Jan Neta Box Office: थलपति विजय की 'जन नेता' की 'तूफानी' शुरुआत, पहले दिन 78 करोड़ पार, इन 10 फिल्मों को दी धोबी पछाड़
TV9 Bharatvarsh July 24, 2026 02:43 PM

Jan Neta Box Office: साउथ सुपरस्टार और मुख्यमंत्री थलपति विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नेता’ का इंतजार हो रहा था, जो फाइनली 23 जुलाई को रिलीज हो चुकी है. अब पहले दिन का कलेक्शन भी सामने आ चुका है. जी हां, फिल्म को पहले दिन जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है. वैसे उम्मीद थी कि 100 करोड़ रुपये के साथ शुरुआत होगी, लेकिन फिल्म इतनी बड़ी ओपनिंग नहीं कर पाई है. थलपति विजय और बॉबी देओल की पिक्चर ने पहले दिन दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस से 78.27 करोड़ रुपये कमा लिए हैं. जो कि अबतक रिलीज हुई कई फिल्मों से शानदार है और ऐसा फेयरवेल तो थलपति विजय को मिलना ही चाहिए था.

हाल ही में सैकनिल्क की रिपोर्ट सामने आ गई है. जिससे पता लगा कि थलपति विजय की फिल्म ‘जन नेता’ ने पहले ही दिन भारत से 41 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है. वहीं, बीते दिन टोटल शोज 13,067 रहे थे, साथ ही ऑक्यूपेंसी रेट 41.6 है. वहीं फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन भी 48.27 करोड़ रुपये पहुंच गया है. थलपति विजय का अलग ही फैन बेस है और उसका उनकी फिल्मों को पूरा-पूरा फायदा होता नजर आया है. विजय, बॉबी देओल के अलावा पिक्चर में पूजा हेगड़े भी शामिल हैं. जानिए फिल्म को ओवरसीज से पहले दिन कैसा रिस्पॉन्स मिला है?

ओवरसीज से फिल्म ने कितने कमाए?

इस साल की शुरुआत से जिन भी फिल्मों को ओवरसीज में रिलीज किया गया है, उन्हें काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिलता नजर आया है. बात बॉलीवुड की हो या साउथ फिल्मों की. अब थलपति विजय की जन नेता को ही देख लीजिए. पिक्चर ने ओवरसीज से 30 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है. दरअसल फिल्म का बजट 300-500 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है. जिसे पार करने के लिए फिल्म को अभी काफी अच्छा कारोबार करना होगा. खासकर फिल्म वीकेंड पर ही अच्छी कमाई कर सकती है. वैसे भी शुरुआत काफी सॉलिड रही है.

इन 10 फिल्मों को छोड़ा पीछे

वहीं, जन नेता ने पहले दिन जिन फिल्मों को मात दी है, उसमें महर्षी (34.75 करोड), उस्ताद भगत सिंह (34.75 करोड़), संजू (34.75 करोड़),बिगिल (34.10 करोड़), टाइगर जिंदा है (34.10 करोड़),पोन्नियिन सेल्वन 1 ( 34 करोड़), वीरा सिम्हा रेड्डी (33.60 करोड़), छावा (33.50 करोड़), चेन्नई एक्सप्रेस (33.12 करोड़), एक था टाइगर (32.93 करोड़) शामिल हैं. यहां तक कि फिल्म धुरंधर, डंकी और दंगल समेत कई फिल्मों को पीछे छोड़ चुकी है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.