पूर्णिया में गैंगवार! जदयू नेता के बेटे को मारी 3 गोली, बचाने पहुंचे मामा भी घायल
TV9 Bharatvarsh July 24, 2026 02:43 PM

पूर्णिया के मरंगा थाना क्षेत्र स्थित नेवालाल चौक के समीप गुरुवार देर शाम हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने जदयू नेता अमरेंद्र कुशवाहा के बेटे शुभम कुशवाहा पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. शुभम को बचाने पहुंचे उसके मामा सागर कुशवाहा भी हमलावरों के निशाने पर आ गए. दोनों गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज कसबा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुभम कुशवाहा अपने मामा सागर कुशवाहा के साथ नेवालाल चौक के पास एक चाय की दुकान पर रुका था. वहां कुछ देर दोस्तों से बातचीत करने के बाद जैसे ही वह अपनी टाटा पंच कार से आगे बढ़ने लगा, तभी दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश अपराधी पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं.

बताया जा रहा है कि शुभम ने खुद को बचाने के लिए कार के भीतर छिपने की कोशिश की, जबकि उसके मामा सागर कुशवाहा उसे बचाने आगे आए. हमलावरों ने शुभम को कार से बाहर खींचने का भी प्रयास किया, लेकिन असफल रहने पर लगातार फायरिंग करते रहे. इस हमले में शुभम और उसके मामा दोनों को तीन-तीन गोलियां लगीं. बदमाशों ने शुभम की कार में भी जमकर तोड़फोड़ की और फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए.

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद दोनों घायलों को आनन-फानन में निजी अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है.

तीन दिन पहले हुए विवाद से जुड़ रही घटना

पुलिस की शुरुआती जांच में घटना का तार तीन दिन पहले हुए एक विवाद से जुड़ता नजर आ रहा है. बताया जा रहा है कि घर की दीवार के पास गाड़ी खड़ी करने को लेकर शुभम कुशवाहा का पड़ोसी सन्नी सरदार और सन्नी मंडल से विवाद हुआ था. इसी दौरान शुभम ने उन पर स्मैक तस्करी का आरोप लगाया था. इसके बाद दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था. अब इसी विवाद के बाद गोलीबारी की घटना सामने आने से पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है.

कौन हैं शुभम कुशवाहा?

शुभम कुशवाहा नगर निगम पूर्णिया के वार्ड-24 की पार्षद राखी देवी और जदयू नेता अमरेंद्र कुशवाहा का इकलौता पुत्र है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, किशोरावस्था में उसके खिलाफ कुछ आपराधिक मामले दर्ज हुए थे, लेकिन वर्तमान में वह शादीशुदा है और ठेकेदारी का कार्य करता है.

पिता का आरोप- ‘स्मैक माफिया ने कराया हमला’

घायल शुभम के पिता और जदयू नेता अमरेंद्र कुशवाहा ने आरोप लगाया कि ततमा टोली इलाके में बड़े पैमाने पर स्मैक का कारोबार होता है. उनका कहना है कि वह और उनकी पत्नी, वार्ड पार्षद राखी देवी, लंबे समय से इस अवैध कारोबार का विरोध करते रहे हैं और इसी वजह से उनके बेटे पर जानलेवा हमला कराया गया.

पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा ने उठाए सवाल

घटना पर पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, “नेवालाल चौक का इलाका अपराध का हब बन चुका है. लगातार वारदात होने के बावजूद पुलिस अपराधियों पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है. आखिर ऐसे अपराधियों को संरक्षण कौन दे रहा है? पूर्णिया को एक बार फिर अशांत करने की कोशिश की जा रही है.”

पुलिस जांच में जुटी

मरंगा थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने नामजद आरोपियों के परिजनों से भी पूछताछ की है. हालांकि, खबर लिखे जाने तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की तलाश में जुटी है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.