Mayank Yadav And Ashok Sharma: टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की T20I सीरीज की शुरुआत शानदार जीत के साथ की है. सीरीज का पहला मुकाबला भारतीय क्रिकेट के लिहाज से काफी खास रहा. इस मैच में तेज गेंदबाज मयंक यादव ने लगभग दो साल के लंबे इंतजार के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की, तो वहीं युवा तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को अपना डेब्यू कैप हासिल करने का सुनहरा मौका मिला. हालांकि, मैच के दौरान इन दोनों गेंदबाजों ने मैदान पर उतरते ही एक ऐसा अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जो भारतीय क्रिकेट के इतिहास में पहले कभी नहीं देखा गया.
17 जून 2002 का बर्थडे कनेक्शनजिम्बाब्वे के खिलाफ इस टी20 मुकाबले में भारत की तरफ से गेंदबाजी की शुरुआत मयंक यादव और अशोक शर्मा की जोड़ी ने की. इस जोड़ी की सबसे अनोखी बात यह रही कि दोनों ही गेंदबाजों का जन्म एक ही दिन यानी 17 जून 2002 को हुआ था. भारतीय इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में यह पहला मौका है जब एक ही तारीख और एक ही साल में जन्मे दो गेंदबाजों ने किसी पारी में नई गेंद से भारत के लिए गेंदबाजी की शुरुआत की हो.
वर्ल्ड क्रिकेट में सिर्फ तीसरी बार हुआ ऐसाइंटरनेशनल क्रिकेट में भी ऐसा वाकया इससे पहले सिर्फ दो बार ही देखने को मिला है, जब एक ही दिन जन्मे दो गेंदबाजों ने किसी पारी की शुरुआत में एक साथ नई गेंद संभाली हो. साल 2023 में समोआ और फिजी के बीच एक मुकाबला खेला गया था. इस मैच में समोआ के टाइमजीन रापी और मैथ्यू फाटिया ने गेंदबाजी की शुरुआत की थी. इन दोनों गेंदबाजों का जन्म 30 अगस्त 2003 को हुआ था. वहीं, 2023 में ही चिली के एडवर्ड टेलर और और गुइलेर्मो अबुर्तो ने भी ये उपलब्धि हासिल की थी. इनकी जन्म तिथि 29 फरवरी 1984 है.
कैसा रहा दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन?मयंक यादव ने इस मैच में कमाल की गेंदबाजी की. उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 18 रन खर्च किए और 2 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया. इस दौरान उन्होंने मैच की पहली ही गेंद पर विकेट लेने का कारनामा भी किया. दूसरी ओर, अशोक शर्मा भले ही इस मैच में विकेट हासिल नहीं कर सके, लेकिन उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 29 रन ही खर्च किए, जिसके चलते जिम्बाब्वे की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 125 रन ही बना सकी और भारत ने टारगेट को 13.2 ओवर में ही हासिल कर लिया.