Jan Neta: एडवांस बुकिंग में कमाए करोड़ों रुपये, लेकिन अपनी ही इन 3 फिल्मों से पीछे रह गए साउथ सुपरस्टार थलपति विजय
TV9 Bharatvarsh July 24, 2026 04:44 PM

Thalapathy Vijay Jan Neta Advance Booking: थलपति विजय की फिल्म जन नेता सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है और इस फिल्म की कमाई के आंकड़े आने भी शुरू हो गए हैं. ओपनिंग डे पर इस फिल्म ने अच्छा कलेक्शन किया है. वहीं दूसरी तरफ एडवांस बुकिंग में भी इसे अच्छा रिस्पॉन्स मिला. लेकिन इसके बाद भी फिल्म थलपति विजय के करियर की 3 फिल्मों से पीछे रह गई. सुपरस्टार की आखिरी फिल्म एडवांस बुकिंग के मामले में उनके अब तक के करियर की चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म साबित हुई.

साउथ से इस फिल्म को ज्यादा बढ़िया रिस्पॉन्स मिला वहीं दूसरी तरफ हिंदी से फिल्म ठीक-ठाक बढ़त ही हासिल कर पाई. एडवांस बुकिंग के मामले में साल 2026 की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में ये फिल्म दूसरे स्थान पर अपनी जगह बनाने में सफल रही. वहीं पहले स्थान पर 53 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ धुरंधर 2 फिल्म रही. आइए जानते हैं कि एडवांस बुकिंग के मामले में थलपति विजय के करियर की सबसे बड़ी 5 फिल्में कौन सी हैं और इसमें जन नेता कितने नंबर पर है.

जन नेता ने एडवांस बुकिंग से कितने कमाए?

जन नेता की बात करें तो इस फिल्म ने एडवांस बुकिंग से जबरदस्त कलेक्शन कर के दिखाया है. फिल्म ने 22.26 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है. इसमें तमिल नाडु से 12.27 करोड़ रुपये के टिकट्स बिके हैं. वहीं करनाटक से 5.96 करोड़ रुपये के टिकट्स बिके हैं. केरल से फिल्म के 2.02 करोड़ रुपये के टिकट्स बिके. इस लिहाज से एडवांस बुकिंग के जरिए इस फिल्म ने अच्छी-खासी कमाई की. वहीं अब इसकी पहले दिन की कमाई के आंकड़े भी आ चुके हैं. फिल्म ने अब दुनियाभर में ओपनिंग डे पर 78.27 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर के दिखा दिया है.

ये भी पढ़ें- Jan Neta Box Office: थलपति विजय की जन नेता की तूफानी शुरुआत, पहले दिन 78 करोड़ पार, इन 10 फिल्मों को दी धोबी पछाड़

एडवांस बुकिंग में किन 3 फिल्मों से पिछड़ी जन नेता?

एडवांस बुकिंग के मामले में जन नेता फिल्म 3 फिल्मों से पिछड़ गई है. दरअसल एडवांस बुकिंग के मामले में थलपति विजय के करियर की सबसे बड़ी फिल्म लियो है. इस फिल्म ने 46.36 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. वहीं दूसरे नंबर पर बीस्ट फिल्म का नंबर आता है. इस फिल्म ने 31.75 करोड़ रुपये एडवांस बुकिंग के जरिए कमाए थे. वहीं तीसरे नंबर पर द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम फिल्म का नाम आता है. एडवांस बुकिंग में इस फिल्म ने 24.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. इन तीन फिल्मों के बाद अब जन नेता एडवांस बुकिंग के मामले में थलपति विजय की चौथी सबसे बड़ी फिल्म बन गई है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.