Hardik Pandya-CSK Trade: आईपीएल इतिहास की दो सबसे सफल टीमें मुंबई इंडियंस (MI) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) क्रिकेट जगत के सबसे बड़े ट्रेड समझौते की तैयारी में जुटी हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस ट्रेड्स के केंद्र में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या हैं. आईपीएल 2026 के खत्म होते ही सभी फ्रेंचाइजियों ने अगले सीजन की रणनीतियों पर काम शुरू कर दिया है. बताया जा रहा है कि मुंबई इंडियंस का मैनेजमेंट अपने कप्तान हार्दिक पंड्या के प्रदर्शन और कप्तानी से बहुत खुश नहीं है और पंड्या का मुंबई के ड्रेसिंग रूम से बाहर जाना लगभग तय माना जा रहा है.
धोनी की मौजूदगी में चल रही बातचीतमीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बेंगलुरु और हैदराबाद को छोड़कर बाकी सभी फ्रेंचाइजियों ने हार्दिक को हासिल करने में दिलचस्पी दिखाई थी, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स इस रेस में सबसे आगे है. रिपोर्ट्स का दावा है कि मुंबई और चेन्नई के बीच चल रही इस बातचीत का हिस्सा महान कप्तान एमएस धोनी भी हैं. शुरुआत में मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या के बदले सीएसके से युवा आयुष म्हात्रे और शिवम दुबे की मांग की थी. हालांकि, चेन्नई ने म्हात्रे को देने से इनकार कर दिया और बदले में साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस को शामिल करने का प्रस्ताव रखा, लेकिन इसमें एक बड़ी शर्त रखी गई है.
द हंड्रेड 2026 में ब्रेविस के प्रदर्शन पर टिकी शर्तचेन्नई सुपर किंग्स डेवाल्ड ब्रेविस को लेकर थोड़ा सतर्क है. ब्रेविस के लिए आईपीएल 2026 कुछ खास नहीं रहा था, जहां उन्होंने 8 मैचों में केवल 151 रन बनाए थे. इसके अलावा इंटरनेशनल टी20 में भी उनका स्ट्राइक रेट पिछले साल के 176.42 से गिरकर 2026 में 145.22 पर आ गया है, जहां उन्होंने 11 मैचों में 228 रन बनाए थे. इसलिए, सीएसके की शर्त यह है कि वो इंग्लैंड में चल रहे द हंड्रेड 2026 में ब्रेविस के फॉर्म को देखेंगे, जहां वह एमआई लंदन के लिए खेल रहे हैं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर ब्रेविस द हंड्रेड में शानदार प्रदर्शन करते हैं, तो सीएसके उन्हें अपने पास रखना चाहेगी और मुंबई को हार्दिक के बदले शिवम दुबे के साथ 10 करोड़ कैश का ऑफर देगी. वहीं, ब्रेविस का प्रदर्शन खराब रहता है, तो सीएसके शिवम दुबे और डेवाल्ड ब्रेविस दोनों को मुंबई इंडियंस को देकर हार्दिक पंड्या को अपनी टीम में शामिल कर लेगी. हालांकि, दोनों फ्रेंचाइजियों की ओर से इस ट्रेड्स पर अभी तक कोई अपडेट सामने नहीं आया है.