2045 से लौटा 'टाइम ट्रैवलर'! दावे ऐसे कि सुनकर उड़ जाएंगे होश!
TV9 Bharatvarsh July 24, 2026 05:43 PM

कल्पना कीजिए कि आप सुबह उठें और आपका पड़ोसी कोई इंसान नहीं, बल्कि एक एलियन हो, सुनकर ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं न? लेकिन सोशल मीडिया पर इस समय एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है. एडम आर्चन (Adam Archon) नाम के एक शख्स ने दावा किया है कि वह कोई साधारण इंसान नहीं, बल्कि साल 2045 से लौटकर आया एक ‘टाइम ट्रैवलर’ (Time Traveler) है. उसके मुताबिक, आने वाले 19 सालों में हमारी धरती पूरी तरह से बदलने वाली है.

एलियंस बनेंगे पड़ोसी और पॉलीग्राफ टेस्ट का सच

डेलीस्टार यूके की रिपोर्ट के मुताबिक, एडम का दावा है कि साल 2028 तक इंसानों का एलियंस के साथ पहला आधिकारिक संपर्क हो जाएगा. इसके बाद टेक्नोलॉजी की दुनिया में ऐसा उछाल आएगा जिसकी हम आज केवल कल्पना ही कर सकते हैं. सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि इंटरव्यू के दौरान वह पॉलीग्राफ यानी लाई डिटेक्टर मशीन से जुड़ा रहा. दावा किया जा रहा है कि उसके बयानों पर मशीन ने कोई झूठ नहीं पकड़ा.

दिमाग में चिप और रोबोट-ह्यूमन का मेल

एडम का कहना है कि 2045 तक हर इंसान के शरीर में एक माइक्रोचिप लगी होगी, जिससे लोग विचारों के जरिए एक-दूसरे से बात कर सकेंगे और सीधे इंटरनेट से जुड़ जाएंगे. इंसानों और रोबोट्स के बीच का अंतर खत्म हो जाएगा. बीमारी, डिप्रेशन और ऑटिज्म जैसी समस्याओं का इलाज इन्हीं ब्रेन चिप्स से संभव होगा.

एलन मस्क और बदलती दुनिया

देखा जाए तो एडम के ये दावे एलन मस्क (Elon Musk) की कंपनी ‘न्यूरालिंक’ (Neuralink) की रिसर्च से काफी मिलते-जुलते हैं. हालांकि वैज्ञानिक तौर पर एलियंस और टाइम ट्रैवल के दावों का कोई ठोस सबूत नहीं है, फिर भी सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस छिड़ गई है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.