भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी20 सीरीज के दूसरे मैच में टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर एक खास रिकॉर्ड बनाने से चूक गए. हरारे में सीरीज के दूसरे मैच में भारतीय कप्तान अय्यर टॉस हार गए. इस तरह कप्तान बनने के बाद से सभी 8 मैच में टॉस जीतने का उनका सिलसिला टूट गया और लगातार 9 टॉस जीतने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने से वो चूक गए. इस बार जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया. वहीं पिछला मैच जीतकर भी टीम इंडिया ने प्लेइंग-11 में बदलाव किया और तेज गेंदबाज यश ठाकुर को इंटरनेशनल डेब्यू का मौका दिया है.
जून 2026 में टीम इंडिया के टी20 कप्तान बनने के बाद से श्रेयस अय्यर को भले ही अपनी पहली जीत के लिए 8 मैच का इंतजार करना पड़ा हो लेकिन इस दौरान वो हर मैच में टॉस जीते. ऐसे में दूसरे टी20 मैच में नजरें इस बात पर थी कि क्या वो शुरुआती 9 मैच में सारे टॉस जीतने वाले पहले कप्तान बन जाएंगे? दूसरे टी20 के लिए जैसे ही टॉस का सिक्का जमीन पर गिरा, ये रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका अय्यर के हाथ से फिसल गया.
मगर टॉस जीतने से ज्यादा जरूरी अय्यर और टीम इंडिया के लिए मैच जीतना है और पिछले मैच में उन्हें इसमें सफलता मिल ही गई. अब दूसरे मैच में टीम इंडिया के पास सीरीज जीतने का मौका है लेकिन इसके लिए पहले उसे एक दमदार स्कोर खड़ा करना होगा क्योंकि इस मैच में पहले बैटिंग के लिए भारतीय टीम उतर रही है. नजरें एक बार फिर युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी, जिन्होंने पिछले मैच में अपनी पहली इंटरनेशनल फिफ्टी लगाई थी और जीत में बड़ी भूमिका निभाई थी.
(खबर अपडेट हो रही है)