दिन में 2 कप कॉफी पीने से कम होता दिल की बीमारियों का खतरा
एबीपी लाइव July 26, 2026 10:12 AM

Coffee Side Effect: दुनिया में लाखों के लोगों दिन की शुरुआत एक कप कॉफी से होती है. ऐसे में अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन द्वारा किए गए अब तक के सबसे बड़े रिसर्च से राहत भरी खबर मिली है. रिसर्च के अनुसार अधिकांश स्वस्थ लोगों के लिए प्रतिदिन 400 मिलीग्राम तक कैफीन का सेवन करना सुरक्षित होता है. इससे हृदय रोग, स्ट्रोक और हृदय विफलता का खतरा भी कम होता है. लेकिन ध्यान देने वाली बात यह है कि सभी प्रकार के कैफीन पदार्थ एक जैसे नहीं होते. जैसे कि एनर्जी ड्रिंक्स और कैफीन शॉट्स, जिनमें बहुत कम मात्रा में भी काफी ज्यादा कैफीन होता है. ये आपको फायदे से ज्यादा नुकसान पहुंचा सकते हैं.  मैक्स हेल्थकेयर के कार्डियक साइंसेज के चेयरमैन डॉ.बलबीर सिंह के मुताबिक कॉफी पीने से एट्रियल फाइब्रिलेशन से पीड़ित लोगों पर ज्यादा असर पड़ सकता है, और एट्रियल फाइब्रिलेशन दिल की धड़कन की सबसे खराब स्थिति है. जिसमें दिल का ऊपरी हिस्सा तेजी से और अनियमित रूप से धड़कने लगता है, जिससे स्ट्रोक, हार्ट फेलियर और अन्य हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. 

कॉफी हृदय स्वास्थ्य के लिए कितनी सुरक्षित है

अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन द्वारा सर्कुलेशन पत्रिका में प्रकाशित नए वैज्ञानिक बयानों के मुताबिक कम मात्रा में कॉफी का सेवन से अधिकांश लोगों में हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा नहीं बढ़ता है. साथ ही वो कहते है कि अगर चीनी, सिरप या ब्लैक कॉफी पीना छोड़ दें, तो इससे हृदय रोग, स्ट्रोक, हार्ट फेलियर और शुगर जैसी कई बीमारियों का खतरा कम हो जाता है. 

एनर्जी ड्रिंक्स की कहानी अलग क्यों

हालांकि कम मात्रा में कॉफी पीना सुरक्षित होता है, लेकिन एनर्जी ड्रिंक्स के बारे में ऐसा नहीं कहा जा सकता. क्योंकि कई एनर्जी ड्रिंक्स और एनर्जी शॉट्स में सामान्य कॉफी की तुलना में तीन से चार गुना अधिक कैफीन होता है. और इन चीजों में अक्सर ऐसी दवाएँ या तत्व मिलाए जाते हैं, जो शरीर में कैफीन को बहुत तेजी से असर करने में मदद करते हैं. इस रिसर्च में पाया गया कि एनर्जी ड्रिंक्स में कैफीन की ज्यादा मात्रा रक्तचाप और हृदय गति को बढ़ा सकती है. यहां तक ​​कि स्वस्थ युवाओं को भी इन पेय पदार्थों का अधिक मात्रा में सेवन करने के बाद हृदय गति में गड़बड़ी का अनुभव हुआ है. 

इसे भी पढ़ें: मानसून सीजन में जल्दी बीमार पड़ जाते हैं बच्चे, ऐसे रखें उनकी सेहत का ख्याल?

कैफीन के फायदे

दिलचस्प बात यह है कि शोधकर्ताओं का कहना है कि कॉफी के बहुत से स्वास्थ्य लाभ भी हैं. कॉफी में सैंकड़ों ऐसे प्राकृतिक तत्व होते हैं, जो शरीर की सूजन को कम करते हैं और खून की नसों को सुरक्षित रखते हैं. शायद इसीलिए कई अध्ययनों में कॉफी अक्सर सप्लीमेंट या एनर्जी ड्रिंक्स के माध्यम से सेवन किए गए कैफीन से अच्छा परिणाम देती है. इस रिसर्च के जटिल होने का एक कारण यह है कि हर व्यक्ति पर इसका असर अलग-अलग होता है. हर व्यक्ति के शरीर पर कॉफी का असर अलग तरीके से होता है. आपकी उम्र, जीन, लिवर की क्षमता, दवाइयां और आप कितनी बार कॉफी पीते हैं. इन सब बातों से तय होता है कि आपका शरीर कैफीन को कितनी जल्दी पचा पाता है. यही वजह है कि कुछ लोग बिना किसी परेशानी के कई कप कॉफी पी लेते हैं, जबकि कुछ लोगों को एक ही कप में घबराहट, तेज धड़कन या नींद न आने जैसी समस्या होने लगती है. 

तो दिन में कितनी कॉफी पीनी चाहिए

कई अध्ययनों में लगातार यह बात सामने आई है कि रोज दो से चार कप कॉफी पीना सबसे सही होता है. लेकिन जब इससे ज्यादा कॉफी का सेवन कर लिया जाए, तो कुछ लोगों में हृदय गति रुकने का खतरा बढ़ सकता है. इससे यह बात साफ हो जाती है कि किसी भी चीज को सीमित मात्रा में लेना ही सबसे समझदारी भरा काम होता है.

Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.

इसे भी पढ़ें: डेंगू-मलेरिया से भी खतरनाक है यह बीमारी! मच्छर के काटते ही सूज जाता है दिमाग

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.