IND vs ZIM 3rd T20I: वैभव और मयंक के आगे जिम्बाब्वे चित, टीम इंडिया ने सीरीज में किया क्लीन स्वीप
TV9 Bharatvarsh July 27, 2026 01:42 AM

भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 सीरीज में जिम्बाब्वे का सूपड़ा साफ कर दिया है. सीरीज को पहले ही अपने नाम कर चुकी टीम इंडिया ने तीसरे और आखिरी मैच में होम टीम को 35 रन से हरा दिया. इस तरह श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम ने पहली बार क्लीन स्वीप किया. इस बार जीत के हीरो वैभव सूर्यवंशी रहे और मयंक यादव रहे, जो रन और विकेट के मामले में सबसे आगे रहे. वैभव तो प्लेयर ऑफ द मैच के साथ ही सीरीज के बेस्ट प्लेयर का अवॉर्ड भी ले गए.

वैभव ने खेली सबसे बड़ी पारी

हरारे में सीरीज का आखिरी मैच रविवार 26 जुलाई को खेला गया. इससे एक दिन पहले ही टीम इंडिया ने दूसरा मैच जीतकर सीरीज पर कब्जा कर लिया था. अब क्लीन स्वीप की बारी थी और इसे सफल बनाने में अय्यर की टीम को ज्यादा परेशानी नहीं हुई. एक बार फिर भारतीय टीम ने पहले बैटिंग की और 193 रन का स्कोर खड़ा किया. टीम इंडिया की इस दमदार पारी के स्टार फिर से वैभव सूर्यवंशी रहे.

पहले मैच में 19 गेंदों में 50 रन बनाने वाले वैभव ने सीरीज में दूसरा अर्धशतक लगाया और सिर्फ 48 गेंदों में 81 रन की पारी खेली.इसके साथ ही वो सीरीज में सबसे ज्यादा 151 रन भी बनाए. उनके अलावा इस पारी में कप्तान श्रेयस अय्यर (27) और रिंकू सिंह (25 नाबाद) ने भी तेजी से रन बटोरे, जिसकी मदद से टीम अच्छे स्कोर तक पहुंच पाई. जिम्बाब्वे के लिए ब्रैड एवन्स ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए.

मयंक-ठाकुर ने जिम्बाब्वे को किया चित

वहीं जिम्बाब्वे की शुरुआत इस बार भी खराब रही और फिर से तेज गेंदबाज मयंक यादव ने पहली ही गेंद पर ओपनर ब्रायन बैनेट को आउट कर दिया. इसके बाद भी जिम्बाब्वे की हालत खस्ता ही रही. यश ठाकुर ने लगातार गेंदों में 2 विकेट लिए, जिसमें जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा भी थे, जो खाता भी नहीं खोल सके. सिर्फ 65 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद जिम्बाब्वे के लिए रायन बर्ल और वेस्ली मधेवेरे (28) ने 60 रन की साझेदारी की लेकिन इसकी रफ्तार धीमी थी और मैच जिम्बाब्वे के हाथ से निकल गया था.

बर्ल (54 नाबाद) ने जरूर अपना अर्धशतक पूरा किया लेकिन टीम 20 ओवर में 157 रन तक ही पहुंच सकी और 35 रन से हार गई. टीम इंडिया के लिए मयंक ने 29 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि यश ठाकुर को भी 2 सफलताएं मिलीं. वहीं इस मैच के लिए फिर से टीम में लौटे अशोक शर्मा ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना पहला विकेट भी लिया.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.