सर्राफा बाजार में लौटी तेजी… एक दिन में 5300 रुपये महंगी हुई चांदी, सोने के दाम में भी तगड़ा उछाल
Himachali Khabar Hindi July 28, 2026 02:42 AM

लगातार दो दिन की गिरावट के बाद सर्राफा बाजार में सोमवार को अचानक तेजी लौट आई है. सोने के दाम एक ही दिन में 2,440 रुपये प्रति 10 ग्राम तक बढ़ गए हैं. वहीं, चांदी ने भी लंबी छलांग लगाते हुए 5,300 रुपये प्रति किलो की जबर्दस्त बढ़त दर्ज की है. ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के आंकड़ों के मुताबिक, इस भारी उछाल के बाद सोना अब 1,49,640 रुपये और चांदी 2,30,000 रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है. आखिर अचानक ऐसा क्या हुआ कि कीमती धातुओं के रेट रातोंरात इतने बढ़ गए? आइए इसके पीछे का पूरा गणित समझते हैं.

बाजार के जानकारों की मानें तो इस तेज उछाल के पीछे ग्लोबल मार्केट के कई अहम कारण छिपे हैं. बीते दो दिनों से बाजार में सुस्ती थी, लेकिन जैसे ही कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई, निवेशकों ने सुरक्षित निवेश के तौर पर दोबारा सोने का रुख कर लिया. कच्चे तेल के सस्ता होने से दुनिया भर में महंगाई कम होने की उम्मीद जगी है. कोटक सिक्योरिटीज की कायनात चैनवाला के मुताबिक, महंगाई का दबाव घटने की इसी उम्मीद ने बाजार में खरीदारी को तेजी से बढ़ावा दिया. ये समाचार आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे है। इसके अलावा, पश्चिम एशिया में कम होते तनाव का भी सीधा फायदा बुलियन मार्केट को मिला है. एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सौमिल गांधी का कहना है कि अमेरिकी डॉलर के कमजोर पड़ने तथा अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में गिरावट आने से भी पीली धातु को तगड़ा सपोर्ट मिला है.

विदेशी बाजारों का दिखा सीधा असर

घरेलू बाजार ही नहीं, बल्कि विदेशी बाजारों में भी तेजी का यही शानदार ट्रेंड हावी रहा. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्पॉट गोल्ड करीब 42 डॉलर की बड़ी बढ़त के साथ 4,095.30 डॉलर प्रति औंस के पार निकल गया. इसी तरह स्पॉट सिल्वर भी 1.47 प्रतिशत की बढ़त बनाते हुए 59.04 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई. हालांकि, भारत में तेजी का यह आंकड़ा और भी बड़ा हो सकता था, लेकिन भारतीय रुपये की मजबूती ने घरेलू बाजार में इस उछाल को थोड़ा सीमित कर दिया. एलकेपी सिक्योरिटीज के जतीन त्रिवेदी ने बताया कि एमसीएक्स पर भी सोना करीब आधा प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,43,675 रुपये के आसपास कारोबार करता दिखा, जबकि कॉमेक्स पर यह 4,090 डॉलर के करीब पहुंच गया.

भविष्य में क्या होंगे सोने के रेट?

जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज के प्रणव मेर का मानना है कि आने वाले दिनों में बाजार की चाल काफी हद तक पश्चिम एशिया के हालातों पर निर्भर करेगी. इसके साथ ही पूरी दुनिया की नजर अमेरिका, जापान तथा यूरोजोन से आने वाले महंगाई के आंकड़ों पर भी टिकी है. इसके अलावा, अमेरिका के जीडीपी आंकड़े, कंज्यूमर कॉन्फिडेंस डेटा और साप्ताहिक जॉबलेस क्लेम्स की रिपोर्ट भी बाजार की चाल तय करेगी. इस हफ्ते अमेरिकी फेडरल रिजर्व, बैंक ऑफ इंग्लैंड तथा बैंक ऑफ जापान की ब्याज दरों पर होने वाले फैसले सोने की नई दिशा तय करेंगे. तकनीकी जानकारों का अनुमान है कि फिलहाल एमसीएक्स पर सोना 1,42,000 से लेकर 1,45,500 रुपये के दायरे में कारोबार कर सकता है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.