Mom Sequel: मां श्रीदेवी की राह पर चलेंगी खुशी कपूर! 'मॉम 2' में निभाएंगी बड़ा किरदार
TV9 Bharatvarsh July 28, 2026 03:42 AM

Khushi Kapoor in Mom Sequel: जान्हवी कपूर तो बॉलीवुड से लेकर साउथ तक पॉपुलर हो ही चुकी हैं. अब उनकी बहन खुशी कपूर भी अब फिल्म इंडस्ट्री में जबरदस्त रोल में नजर आने वाली हैं. उन्होंने ‘द आर्चीज़’ से डेब्यू किया था, जिसमें उनके अभिनय को सराहा भी गया. हालांकि इसके बाद खुशी कपूर की फिल्में उम्मीद के मुताबिक नहीं चलीं. अब वो ‘मॉम 2’ में अहम किरदार निभाती हुई दिखाई देंगी. माना जा रहा है कि ये उनके करियर का टर्निंग पॉइंट हो सकता है.

श्रीदेवी स्टारर ‘मॉम’ के सीक्वल का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है, क्योंकि ये दिग्गज एक्ट्रेस की लास्ट फिल्म थी. अब ‘मॉम 2’ में उनकी बेटी खुशी कपूर नजर आएंगी. उनके लिए तो ये रोल करना खास होगा ही. इसके अलावा उम्मीद है कि दर्शक भी इससे कनेक्ट कर पाएंगे.

‘मॉम 2’ में खुशी कपूर

जानकारी के मुताबिक, श्रीदेवी की फिल्म ‘मॉम’ के सीक्वल में खुशी कपूर सरप्राइज पैकेज हैं. जाहिर तौर पर उनकी बेटी होने के नाते खुशी कपूर पर इस फिल्म के रोल को लेकर थोड़ी ज्यादा जिम्मेदारी है. सूत्रों के मुताबिक, इस फिल्म में खुशी कपूर का अभिनय शानदार है जो दर्शकों को काफी पसंद आने वाला है. उन्होंने इस इमोशनल थ्रिलर में कमाल की एक्टिंग की है. फिलहाल ‘मॉम 2’ में खुशी कपूर को देखना दिलचस्प होगा. हालांकि फिल्म से जुड़ी किसी भी तरह की फुटेज अभी सामने नहीं आई है और न ही मेकर्स की तरफ से इसको लेकर अपडेट दी गई है.

‘मॉम 2’ का अपडेट

निर्देशक गिरीश कोहली की ‘मॉम 2’ को निर्देशित कर रहे हैं और खुद बोनी कपूर ने फिल्म को प्रोड्यूस किया है. उनका सहयोग इसमें अक्षय पुरी कर रहे हैं. फिल्म की शूटिंग नोएडा और ग्रीस में बड़े पैमाने पर की गई है. ये फिल्म खुशी के लिए कोई आम मूवी नहीं है, बल्कि उनके साथ बहुत गहराई से जुड़ी हुई है. सूत्रों के मुताबिक, एक्ट्रेस अपने रोल के लिए जी-तोड़ मेहनत कर रही हैं.

फिल्म में दिखेंगे ये सितारें

अगर मुख्य कलाकारों की बात करें तो खुशी कपूर के अलावा ‘मॉम 2’ में जिस्सू सेनगुप्ता नजर आएंगे और करिश्मा तन्ना (मां के किरदार में) भी दिखाई देंगी. इसके अलावा मनोज पाहवा भी फिल्म का हिस्सा हैं. जानकारी के मुताबिक ये फिल्म नवंबर तक रिलीज होने की संभावना है.

2018 में हुआ था श्रीदेवी का निधन

मॉम फिल्म 2017 में रिलीज हुई थी, जिसमें श्रीदेवी की बेटी का रोल सजल अली ने निभाया था. 2018 में श्रीदेवी के निधन की खबर ने फिल्म इंडस्ट्री से लेकर उनके फैंस को हिलाकर रख दिया था. दिग्गज अभिनेत्री और भारतीय सिनेमा की लेडी सुपरस्टार श्रीदेवी को मरणोपरांत सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया था.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.