रणबीर कपूर ने छोड़ी 'धूम 4', क्या YRF ने शुरू की नई कास्टिंग? जानें क्या है अपडेट
TV9 Bharatvarsh July 28, 2026 02:42 AM

रणबीर कपूर की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ के पार्ट 1 को लेकर जबरदस्त हाइप बन चुका है. इसके अलावा भी वो दूसरे प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं. लंबे समय से चर्चा चल रही थी कि रणबीर कपूर YRF की फ्रेंचाइजी फिल्म ‘धूम 4’ में नजर आएंगे, लेकिन अब एक्टर ने साफ कर दिया है कि वो इस फिल्म का हिस्सा नहीं हैं. इसकी वजह भी पता चली है और ये भी जानकारी सामने आई है कि वाईआरएफ अपनी इस मूवी के लिए कास्टिंग की तलाश कर रही है.

जानकारी थी कि रणबीर कपूर ‘धूम 4’ में विलेन की भूमिका में नजर आने वाले थे, लेकिन उन्हें इसकी स्क्रिप्ट पसंद नहीं आई, जिसके चलते उन्होंने इससे अलग होने का फैसला किया. हालांकि इस बारे में मेकर्स ने किसी भी तरह की ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं की है.

क्या नई कास्ट की हो रही तलाश?

सूत्रों के मुताबिक, भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी में से एक धूम के चौथे भाग की पटकथा अभी तैयार की जा रही है. अभी तक इस स्तर पर किसी भी कलाकार का चयन नहीं किया गया है. इसी के साथ दूसरे सूत्र ने भी ये जानकारी दी है कि ‘धूम 4’ की कास्टिंग को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है. स्क्रिप्ट फाइनल हो जाने पर वाईआरएफ कास्टिंग ऑप्शन पर विचार करेगा.

रणबीर कपूर का वर्क फ्रंट

एक्टर रणबीर कपूर की रामायण पार्ट 1 की तो हर तरफ चर्चा है ही. ये फिल्म दिवाली पर रिलीज की जाएगी. इसके अलावा उन्होंने इवेंट में बताया था कि वो ‘लव एंड वॉर’ पर काम कर रहे हैं. अभिनेता की ये फिल्म संजय लीला भंसाली निर्देशित कर रहे हैं और इसके निर्माता-लेखक भी हैं.

‘लव एंड वॉर’ की रिलीज-स्टार कास्ट

रणबीर कपूर स्टारर ‘लव एंड वॉर’ में आलिया भट्ट, दीपिका पादुकोण, विक्की कौशल, रजा मुराद, अश्विन कौशल नजर आने वाले हैं. ये फिल्म एक वॉर सेट रोमांटिक ड्रामा है जो 21 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी.

रामायण स्टार कास्ट

‘रामायण 1’ को नितेश तिवारी ने निर्देशित किया है. इसमें राम जी के रोल में रणबीर कपूर और सीता जी की भूमिका में साई पल्लवी दिखाई देंगी. इसके अलावा फिल्म में सनी देओल, यश, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, अरुण गोविल, रवि दुबे, विवेक ओबरॉय, कुणाल कपूर, शीबा चड्ढा, शोभना, लारा दत्ता, इंदिरा कृष्णन, और सत्येन चतुर्वेदी नजर आने वाले हैं.

ये भी पढ़ें: जूनियर एनटीआर को लगी चोट! डॉक्टरों ने दी 6 से 8 हफ्ते के बेड रेस्ट की सलाह, टीम ने जारी किया ऑफिशियल स्टेटमेंट

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.