ज्ञानेश्वरी यादव ने 199 किलो वजन उठाकर रचा इतिहास, पीएम मोदी ने दी बधाई
मोहम्मद अलफैज July 28, 2026 10:12 AM

Gyaneshwari Yadav Silver Medal: ज्ञानेश्वरी यादव ने स्कॉटलैंड के ग्लासगो में जारी 2026 राष्ट्रमंडल खेलों (Commonwealth Games 2026) में भारत को 5वां मेडल दिलाने का काम किया. 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग कैटेगरी में ज्ञानेश्वरी ने दूसरे नंबर पर रहकर सिल्वर मेडल अपने नाम किया. उन्होंने 199 किलो वजन उठाकर अपना निजी बेस्ट और नया नेशनल रिकॉर्ड कायम कर दिया. 

23 साल की ज्ञानेश्वरी यादव ने कुल मिलाकर 199 किलोग्राम (88kg स्नैच + 111kg क्लीन एंड जर्क) का वजन उठाया. वहीं नाइजीरिया की ओनोमे ओमोलोला डिडिह ने कुल 206 किलोग्राम (93 किग्रा स्नैच + 113 किग्रा क्लीन एंड जर्क) का वजन उठाकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया, जबकि कनाडा की रेबेका ग्रौलक्स तीसरे नंबर पर रहीं, जिन्होंने 178 किग्रा के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता. 

पीएम मोदी ने दी बधाई

ज्ञानेश्वरी यादव के सिल्वर मेडल जीतने पर पीएम मोदी ने बधाई दी. उन्होंने एक्स पर लिखा, "ग्लासगो 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में वेटलिफ्टिंग में सिल्वर मेडल जीतने पर ज्ञानेश्वरी यादव को बधाई. यह कामयाबी इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने इस प्रतियोगिता में अपना अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन किया है. उनकी यह सफलता भारत के युवाओं को प्रेरित करे. उनके आगे के सफर के लिए उन्हें और सफलता की शुभकामनाएं."

जीत के बाद क्या बोलीं ज्ञानेश्वरी यादव?

जीत के बाद मीडिया से बात करते हुए ज्ञानेश्वरी यादव ने कहा, "मुझे बहुत ज्यादा खुशी हो रही है. यह मेरा पहला कॉमनवेल्थ गेम्स है. मेरा पहला मोटिव यही था कि अपना पर्सनल बेस्ट करूं, और मैंने वही किया. मैंने कोशिश की थी कि मैं भारत के लिए गोल्ड लेकर आऊं, पर आगे कॉम्पिटिशन बहुत ज्यादा मुश्किल था. मैंने अपना पर्सनल बेस्ट करके सिल्वर मेडल लिया, जिससे मैं बहुत खुश हूं."

आगे तैयारी को लेकर उन्होंने कहा, "तैयारी बहुत अच्छी थी. हम इसके लिए 1 महीने से बर्मिंघम में ट्रेनिंग कर रहे थे. वहां से तैयारी बहुत अच्छी रही और आज यहां उसका नतीजा आया."

आगे वेटलिफ्टर मीराबाई चानू के गोल्ड पर बात करते हुए ज्ञानेश्वरी ने कहा, "कल जैसे मीरा दीदी (मीराबाई चानू) ने गोल्ड जीता, तो अंदर से एक अलग सा ही जोश आया." 

 

ईशा सिंह ने जीता गोल्ड, शूटिंग क्वीन मनु भाकर ने भी मेडल पर लगाया निशाना

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.