दुनिया की सबसे उम्रदराज़ जीवित बिल्ली होने का दावा करने वाली ‘मिली’ इन दिनों खूब चर्चा में है. उसके मालिक 71 साल लेस्ली ग्रीनहफ का कहना है कि मिली की उम्र 31 साल हो चुकी है. अगर इंसानों के हिसाब से तुलना करें तो यह करीब 146 साल के बराबर मानी जाती है. हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है.
इंग्लैंड के ग्रेटर मैनचेस्टर के स्टॉकपोर्ट में रहने वाले लेस्ली बताते हैं कि मिली का जन्म साल 1995 में हुआ था. उस समय यह बिल्ली उनकी पत्नी पाउला के पास थी, जिन्होंने उसे महज तीन महीने की उम्र में अपनाया था. आज भी उनके पास 1995 की एक पुरानी तस्वीर मौजूद है, जिसमें छोटी-सी मिली खाने के बर्तन से खाना खाती नजर आती है.
क्या है इस बिल्ली की लाइफस्टाइल?लेस्ली का मानना है कि मिली की लंबी उम्र के पीछे उसकी अच्छी देखभाल और खास खानपान का बड़ा हाथ है. उनका कहना है कि पिछले दस सालों से वह उसे सिर्फ बक्सटन मिनरल वॉटर ही पिला रहे हैं. इसके अलावा उसके खाने में सैल्मन, झींगे (प्रॉन्स), चिकन और टूना जैसी चीजें शामिल रहती हैं. प्यार-दुलार भी उसकी दिनचर्या का अहम हिस्सा है. लेस्ली कहते हैं कि रोज सोफे पर बैठकर उसे खूब दुलार मिलता है और शायद यही वजह है कि वह आज भी स्वस्थ है.
उन्होंने बताया कि कुछ साल पहले उनके इलाके में पानी की पाइपलाइन का काम चल रहा था. उस दौरान उन्हें घर पर बोतलबंद बक्सटन पानी पहुंचाया जाता था. उन्होंने वही पानी खुद भी पीना शुरू किया और मिली को भी देना शुरू कर दिया. बाद में जब नल का पानी दोबारा आया तो वह साफ नहीं था. इसके बाद उन्होंने फैसला किया कि आगे भी सिर्फ मिनरल वॉटर ही इस्तेमाल करेंगे. इस साल मार्च में मिली का जन्मदिन भी खास तरीके से मनाया गया. उसके लिए चिकन का खास भोजन तैयार किया गया. गर्मियों में उसे आराम मिले, इसके लिए घर में दो पंखे हमेशा उसकी तरफ चलते रहते हैं. लेस्ली उसके पानी में बर्फ के टुकड़े भी डालते हैं ताकि उसे गर्मी कम लगे. अब वह अक्सर फर्श पर सोना पसंद करती है क्योंकि वहां ठंडक ज्यादा रहती है.
लेस्ली की पत्नी पाउला का निधन 2020 में कोविड-19 के कारण हो गया था. उनका कहना है कि पत्नी की मौत का असर सिर्फ उन पर ही नहीं बल्कि मिली पर भी पड़ा था. कुछ समय तक उसने खाना-पीना लगभग छोड़ दिया था. उसे दोबारा सामान्य करने के लिए उन्होंने झींगे और चिकन जैसे पसंदीदा खाने खिलाए. धीरे-धीरे वह फिर से सामान्य कैट फूड खाने लगी. लेस्ली बताते हैं कि उम्र बढ़ने के साथ मिली का स्वभाव भी काफी बदल गया है. पहले के मुकाबले अब वह ज्यादा शांत और सुकून से रहने लगी है. वह देर से उठती है, थोड़ी देर उनके साथ खेलती है और फिर धूप वाली जगह या सोफे के पीछे आराम करने चली जाती है. कभी-कभी बगीचे में भी घूम आती है, लेकिन ज्यादातर समय घर के अंदर ही बिताती है.
यह भी पढ़ें:Viral Video: लद्दाख में कैसा दिखता है सोनम वांगचुक का घर, ड्राइवर ने बताई उनके काम की बड़ी कहानी
उनका मानना है कि घर के अंदर सुरक्षित माहौल, अच्छा खाना, साफ पानी और भरपूर प्यार ही मिली की लंबी उम्र का राज हैं. अब उनका सबसे बड़ा सपना है कि मिली का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हो. हालांकि, सबसे बड़ी मुश्किल यह है कि उसकी सही उम्र साबित करने के लिए Sufficient Official Documents मौजूद नहीं हैं. फिलहाल उनके पास सिर्फ 1995 की वह पुरानी तस्वीर है, जिसे देखकर उन्हें उम्मीद है कि एक दिन दुनिया भी मिली की इस अनोखी कहानी को ऑफिशियल तौर पर स्वीकार करेगी.
यहां देखिए पोस्ट
Instagram पर यह पोस्ट देखें
The Archbishop of Banterbury🇬🇧 (@thearchbishopofbanterbury) द्वारा साझा की गई पोस्ट