जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकवादी हमले में दो मजदूरों की मौत हुई है. बीते शुक्रवार की शाम ईंट भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों पर अज्ञात आतंकवादियों ने गोलीबारी की थी. हालांकि अब आशंका जताई जा रही है कि इस हमले में लश्कर का आतंकवादी मोहम्मद लतीफ भट शामिल हो सकता है. महज 21 साल का ये आतंकी कुलगाम जिले के ख्रेवान चडर की नई बस्ती का रहने वाला है. पिछले साल नवंबर में वो आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के गुप्त संगठन कश्मीर क्रांति सेना (केआरए) में शामिल हुआ था और तब से सुरक्षा बलों को उसकी तलाश है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आतंकी मोहम्मद लतीफ ने 8वीं तक की पढ़ाई कुलगाम जिले के भान स्थित पब्लिक इंग्लिश मीडियम स्कूल से की थी और उसके बाद उसने सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल (GHSS), अश्मुजी से 12वीं की पढ़ाई पूरी की. 12वीं के बाद उसने गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज (GDC) कुलगाम में दाखिला लिया, लेकिन पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी और ख्रेवान स्थित एक बीडिंग मशीन यूनिट में कारपेंटर के रूप में काम करने लगा. इस बीच 19 नवंबर 2025 को वो अपने घर से निकला और वापस नहीं लौटा, जिसके बाद परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. इसके बाद उन्होंने कुलगाम पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई.
आतंकी लतीफ भट के खिलाफ कुलगाम में मामला दर्जरिपोर्ट्स के मुताबिक, बाद में मोहम्मद लतीफ भट के बारे में जानकारी मिली कि वो लश्कर का सक्रिय आतंकी जाकिर अहमद गनी के प्रभाव में आकर प्रतिबंधित आतंकी संगठन TRF/LeT में शामिल हो गया. उपलब्ध सूचनाओं के अनुसार, उसकी गतिविधियां कुलगाम जिले में नहीं देखी गईं, लेकिन पिछले साल दिसंबर में उसके अनंतनाग जिले में मौजूद होने की जानकारी मिली थी. कुलगाम पुलिस स्टेशन में आतंकी मोहम्मद लतीफ भट के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धारा 13, 19 और 30 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पिछले महीने मुठभेड़ में बच निकला था लतीफजुलाई 2026 की शुरुआत में सुरक्षा बलों ने शोपियां के चनपोरा गांव में आतंकवादियों के खिलाफ घेराबंदी की थी और तलाशी अभियान चलाया था. फिर आतंकियों से सुरक्षा बलों की मुठभेड़ हुई, जिसमें लश्कर का टॉप कमांडर जाकिर गनी मारा गया, जबकि लतीफ भट वहां से भागने में कामयाब रहा. इस मुठभेड़ के बाद ही आतंकी मोहम्मद लतीफ चर्चा में आया था.
ये भी पढ़ें: कुलगाम आतंकी हमले में मारे गए मजदूरों को मिलेगा 16-16 लाख का मुआवजा, सीएम उमर का ऐलान