Commonwealth Games 2026 Final Medals Tally: टीम इंडिया ने 39 मेडल के साथ हासिल किया चौथा स्थान, ऑस्ट्रेलिया फिर नंबर-1
TV9 Bharatvarsh August 03, 2026 04:42 AM

Commonwealth Games 2026 Medals Tally List: स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्ल 2026 (CWG 2026) का अंत हो गया. करीब 11 दिन तक चले इन गेम्स में कई शानदार प्रदर्शन देखने को मिले और मेडल्स की खूब बारिश हुई. इस बार गेम्स में कई खेलों को शामिल नहीं किया गया था. फिर भी एक्शन जबरदस्त रहा. खास तौर पर भारतीय खिलाड़ियों ने उम्मीद से काफी बेहतर प्रदर्शन किया और 39 मेडल के साथ आखिरकार चौथा स्थान हासिल किया. वहीं एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया ने सबसे ज्यादा 171 मेडल के साथ पहला स्थान हासिल किया.

शानदार रहा भारत का सफर

रविवार 2 अगस्त को कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आखिरी दिन था. इससे पहले 2 दिनों के अंदर भारतीय एथलीट्स ने जमकर मेडल जीते और टैली में देश की स्थिति में जबरदस्त सुधार किया. हालांकि आखिरी दिन देश के खाते में कोई मेडल नहीं आया लेकिन फिर भी भारतीय दल का सफर शानदार नतीजों के साथ खत्म हुआ. ये सब तब है, जबकि इस बार कई प्रमुख खेल, जैसे कुश्ती, बैडमिंटन, शूटिंग और टेबल टेनिस शामिल नहीं थे. फिर भी भारतीय एथलीटों ने अपने शानदार और ऐतिहासिक प्रदर्शन से देश का नाम रोशन किया.

रविवार शाम गेम्स के सारे इवेंट खत्म होने के बाद फाइनल मेडल टैली भी सामने आ गई. इसमें शीर्ष 4 में किसी भी टीम के स्थान में कोई बदलाव नहीं हुआ. भारत ने CWG 2026 में कुल 39 मेडल जीतकर चौथा स्थान हासिल किया. इस बार भारतीय एथलीटों ने 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज मेडल जीते. सबसे ज्यादा 7 गोल्ड मेडल (कुल 10 मेडल) बॉक्सिंग में आए.

भारतीय अभियान की कुछ खास बातें
  • बॉक्सिंग: भारतीय मुक्केबाजों ने अपना दबदबा बनाते हुए सभी देशों में सबसे ज्यादा 7 गोल्ड मेडल समेत रिकॉर्ड 10 मेडल जीते. पहली बार भारत के हिस्से में 3 से ज्यादा गोल्ड आए.
  • वेटलिफ्टिंग: मीराबाई चानू ने लगातार तीसरा गोल्ड जीतकर इतिहास रचा. वो ऐसा करने वाली पहली भारतीय बनीं. कुल 8 मेडल वेटलिफ्टिंग में आए.
  • पैरा स्पोर्ट्स: पैरा एथलीटों ने 3 गोल्ड मेडल जीतकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, जिसमें पहली बार पुरुषों का पैरा शॉट पुट में आया गोल्ड और सिल्वर शामिल है.
  • जूडो: पिछले गेम्स में भारत ने पहली बार जूडो में 2 सिल्वर समेत 3 मेडल जीते थे. वहीं इस बार अस्मिता डे और हर्ष सिंह गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय बने. इन 2 गोल्ड समेत भारत को कुल 4 मेडल जूडो में मिले.
  • एथलेटिक्सः तेजस्विन शंकर (ब्रॉन्ज) डिकैथलॉन में मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बने. वहीं गुलवीर सिंह ने 10 हजार मीटर और 5 हजार मीटर में सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीते. ये भी CWG में भारत के लिए पहली बार हुआ. वहीं सर्वेश कुशारे (सिल्वर) हाई जंप में मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बने.
  • ऑस्ट्रेलिया ने लगाई हैट्रिक

    जहां तक ओवरऑल मेडल टेबल की बात है तो लगातार तीसरे गेम्स में ऑस्ट्रेलिया ने वर्चस्व कायम रखा और सबसे ज्यादा मेडल जीतकर पहला स्थान हासिल किया. ऑस्ट्रेलिया ने 70 गोल्ड मेडल समेत कुल 171 मेडल (43 सिल्वर और 56 ब्रॉन्ज) अपने नाम किए. वहीं दूसरे स्थान पर इंग्लैंड (29 गोल्ड समेत 110 मेडल) और तीसरे स्थान पर कनाडा (19 गोल्ड समेत 62 मेडल) रहे. मेजबान स्कॉटलैंड भारत से नीचे पांचवें स्थान पर (13 गोल्ड समेत 39 मेडल) रहा.

    © Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.