भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज रणजी ट्रॉफी 2026-27 में हैदराबाद टीम की कप्तानी करेंगे. हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन ने शुक्रवार को इसका आधिकारिक एलान किया. बता दें कि रणजी ट्रॉफी के ग्रुप स्टेज मुकाबले 11 अक्टूबर से शुरू होंगे, हैदराबाद का पहला मैच त्रिपुरा के साथ है.
हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन की सीनियर सिलेक्शन कमिटी ने शुक्रवार को रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन के लिए कप्तान और उप-कप्तान के चयन के लिए बैठक की, जिसमें मोहम्मद सिराज को कप्तान और चामा मिलिंद को उपकप्तान बनाने पर फैसला हुआ.
बता दें कि सिराज ने अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू हैदराबाद के लिए 2015-16 रणजी ट्रॉफी सीजन में किया था. अगले सीजन (2016-17) में शानदार गेंदबाजी कर वह छा गए थे, जिससे उन्हें पहचान मिली. उस सीजन उन्होंने 41 विकेट लिए थे, वह हैदराबाद टीम के हाईएस्ट विकेट टेकर थे. 32 वर्षीय सिराज भारत के लिए तीनों फॉर्मेट खेलते हैं.
यह भी पढ़ें- जसप्रीत बुमराह ने उगली आग, वैभव सूर्यवंशी का हुआ कड़ा इम्तिहान; टीम इंडिया तैयार
सिराज भारत के लिए तीनों फॉर्मेट खेलते हैं, ऐसे में उनकी गैर-मौजूदगी में मिलिंद कमान संभालेंगे जो उपकप्तान नियुक्त हुए हैं. हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन ने अपने स्टेटमेंट में कहा, "मोहम्मद सिराज की गैर-मौजूदगी में, चामा मिलिंद कप्तान की भूमिका निभाएंगे और संबंधित मैच/मैचों में हैदराबाद टीम की कप्तानी करेंगे. सीनियर सिलेक्शन कमिटी के सदस्यों ने सर्वसम्मति से यह फैसला लिया."
मोहम्मद सिराज ने हाल ही में साउथ जोन के लिए दलीप ट्रॉफी का फाइनल भी खेला था, जिसमें उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं था. उन्होंने दोनों पारियों में कुल 41 ओवर डाले लेकिन सिर्फ 1 विकेट ले पाए. उनकी टीम फाइनल हार गई. उन्होंने फाइनल के बाद कहा था कि श्रीलंका दौरे से पहले मिले लंबे ब्रेक ने उनके रन-अप की लय बिगाड़ दी. उन्होंने कहा कि मेरा शरीर लंबे ब्रेक को अच्छी तरह संभाल नहीं पाता.
यह भी पढ़ें- सबसे ज्यादा छक्के... पाकिस्तानी खिलाड़ी रजाउल्लाह ने डेब्यू मैच में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड