शाहरुख के पान मसाला एड पर इस टीवी एक्टर का तंज! कह दी ऐसी बात
हिमांशी चौधरी September 13, 2026 05:42 AM

टीवी शो ‘इश्क में मरजावां 2’ से पहचान बनाने वाले एक्टर जैन इबाद खान इन दिनों अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं. जैन इबाद खान हाल ही में शार्दुल के पॉडकास्ट में पहुंचे थे, जहां उन्होंने एक्टिंग, अपनी पर्सनल वैल्यूज के साथ-साथ इस टॉपिक पर भी बात कि ऐसा क्या है जिसे वो स्क्रीन पर दिखाने के लिए साफ मना कर देते हैं.

इसी बातचीत के दौरान उन्होंने समाज में हो रही गलत चीजों पर भी अपनी राय रखी. उनका मानना है कि एक सेलिब्रिटी होने के नाते एक्टर्स को गलत के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए. लेकिन उन्होंने ये समझाने के लिए शाहरुख खान का जो उदाहरण दिया, उसे देखकर लगता है कि वे शाहरुख खान पर तंज कसना चाहते थे.

जैन, 'बहुत कुछ गलत हो रहा है, लेकिन कोई बोल नहीं रहा'

शार्दुल के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान जैन इबाद खान ने कहा, ‘हमारे आसपास बहुत कुछ ऐसा हो रहा है, जो गलत है, लेकिन इस पर लोग खुलकर बोल नहीं रहे हैं. जब उनसे पूछा गया कि आखिर लोग आवाज क्यों नहीं उठाते, तो एक्टर ने कहा कि हर जगह के अपने नियम और अपनी परिस्थितियां होती हैं.’

ये भी पढें: 'तुम डांस में बिल्कुल जीरो हो', कटरीना कैफ को किसने मारा था ताना?

जैन ने उदाहरण देते हुए कहा, ‘हॉलीवुड एक्टर रॉबर्ट डी नीरो ऑस्कर स्टेज से डोनाल्ड ट्रंप को एफयू (गाली) कह सकते हैं. लेकिन शाहरुख खान ऐसा नहीं कर सकते.

उनके मुताबिक, दोनों जगहों की परिस्थितियां अलग हैं. जैन ने कहा, ‘हर जगह का अपना तरीका, अपना इतिहास और कुछ 'अनकहे नियम' होते हैं, जिसकी वजह से लोग कई बार खुलकर अपनी बात नहीं कह पाते.’


हालांकि, जैन ने यह भी साफ किया कि वह किसी को सरकार से लड़ने या बहस करने के लिए नहीं कह रहे हैं. उनका कहना है, ‘अगर कुछ गलत हो रहा है, तो कम से कम उसके खिलाफ आवाज तो उठाई जा सकती है.’

शाहरुख खान का उदाहरण क्यों दिया?

इसी बात को समझाने के लिए उन्होंने कहा, ‘हम पान पराग का ऐड कर रहे हैं न, तो जो गलत हो रहा है, उसके खिलाफ कम से कम थोडी आवाज तो उठा ही सकता हैं.’

हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर पान-पराग की ऐड के साथ शाहरुख खान का नाम नहीं लिया लेकिन इससे पहले जैन इबाद खान ने जो वाक्य कहे उन में उन्होंने शाहरुख का सीधे-सीधे लिया था. इसलिए उनकी पान मसाले वाली बात को भी शाहरुख खान पर ही तंज माना जा रहा है.

ये भी पढें: तुलसी-मिहिर की जोड़ी फिर आएगी नजर! ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में बड़ा ट्विस्ट

क्या है जो स्क्रीन पर नहीं दिखाना चाहते जैन?

हालांकि, शाहरुख खान पर टिप्पणी करने से पहले इसी पॉडकास्ट में जैन इबाद खान अपनी एक्टिंग में जिन वैल्यूज को वे फॉलो करते हैं, उस पर बात कर चुके थे.

उन्होंने बताया, ‘कुछ शो के क्रिएटर्स मुझसे इसलिए नाराज हैं, क्योंकि मैंने उनके कुछ आइडियाज को स्क्रीन पर दिखाने से इनकार कर दिया.’

जैन ने कहा कि उनके लिए यह सिर्फ एक सीन करने या न करने की बात नहीं है. उन्होंने कहा, ‘एक एक्टर के तौर पर आप स्क्रीन पर क्या दिखा रहे हो, उसके लिए आप जिम्मेदार हो, क्योंकि लोग आपको देखते हैं, फॉलो करते हैं.’  

 शराब में डूबे इंसान का सीन करने से किया इनकार

जैन ने पॉडकास्ट में एक ऐसे सीन का जिक्र किया, जिसे करने से उन्होंने मना कर दिया था. सीन में एक किरदार ब्रेकअप जैसी स्थिति से गुजरने के बाद खुद को शराब में डुबोता है और लगातार शराब पीकर अपनी जिंदगी खराब करने लगता है.

जैन ने कहा, ‘मैं पूरे देश को ये नहीं दिखाना चाहता. ब्रेकअप या जिंदगी में परेशानी हर किसी के साथ हो सकती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि इंसान अपनी जिंदगी को बर्बाद करने लगे और जरूरत से ज्यादा शराब पीने लगे.’ इसी वजह से उन्होंने उस सीन को करने से मना कर दिया था.

कौन हैं जैन इबाद खान?

15 नवंबर 1998 को जन्मे जैन इबाद खान ने टेलीविजन से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की और टेलीविजन की दुनिया में कई किरदार निभा चुके हैं. उन्हें सबसे ज्यादा पहचान ‘इश्क में मरजावां 2’ से मिली, जिसमें उन्होंने अंग्रे, यानी वंश के वफादार साथी और राइट हैंड का किरदार निभाया.

इसके बाद ‘आशिकाना’ में वह लीड रोल में नजर आए, जहां उन्होंने एसीपी यशवर्धन चौहान का किरदार निभाया. वहीं ‘सुहागन चुड़ैल’ में उन्होंने मोक्ष की भूमिका निभाई. जैन ‘गुनाह’, ‘जादू तेरी नजर – डायन का मौसम’ और ‘नागिन’ जैसे शोज का हिस्सा भी रहे हैं.  इसके अलावा वह म्यूजिक वीडियो ‘तेरे बिन’ में भी नजर आ चुके हैं.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.