कांग्रेस के इकोसिस्टम ने गढ़ी भाजपा की हार की नकली कहानी, जनता ने सिखाया सबक : प्रेम शुक्ल
Gyanhigyan October 09, 2024 08:42 AM

नई दिल्ली, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। हरियाणा में रुझानों में भाजपा को बहुमत मिल गया है। वहीं जम्मू कश्मीर में कांग्रेस गठबंधन ने जादुई आंकड़ा पार कर लिया है।

चुनावी रुझानों पर आईएएनएस से बात करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ल ने कहा कि, जम्मू कश्मीर में कांग्रेस का प्रदर्शन बहुत बुरा है। वह सिंगल डिजिट में छह सीटों पर है और हरियाणा में उसका पराभव हुआ है। शाम होते-होते कांग्रेस के खेमे में मातम छा जाएगा। कांग्रेस पार्टी कहीं कोई भी चुनाव जीतने की स्थिति में नहीं हैं। सिर्फ उसके इकोसिस्टम ने एक नकली आख्यान तैयार किया था कि कांग्रेस अच्छा प्रदर्शन कर रही है। चुनाव परिणामों में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से धराशाई नजर आ रही है।

उन्होंने कहा कि, इंडिया गठबंधन कहीं का ईंट कहीं का रोड़ा राहुल गांधी ने कुनबा जोड़ा वाला गठबंधन है। जैसे ही पराजयों का सिलसिला प्रारंभ होगा, सब भाग जाएंगे। केजरीवाल भागे हुए हैं। अखिलेश कुछ दिन पहले आंखें दिखा रहे थे। शिवसेना उद्धव ठाकरे का खेमा एक अलग रास्ते पर नजर आ रहा है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष की यही इच्छा है कि किसी तरह से भारतीय जनता पार्टी और पीएम नरेंद्र मोदी से मुक्ति पा ले। वो लोग भाजपा की हार का फेक नैरेटिव तैयार किए पड़े थे, लेकिन उनको मुंह की खानी पड़ी। मध्य प्रदेश में मुंह की खाई, छत्तीसगढ़ में मुंह की खाई और अब हरियाणा में उनको मुंह की खानी पड़ी है।

वहीं भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "भारतीय जनता पार्टी हरियाणा में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की स्थिति में है, जो प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संभव हो रहा है। यह इस बात का प्रमाण है कि किस तरह से गरीबों और किसानों के कल्याण के लिए कार्य किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में, जनता और किसान हमारे साथ हैं। कांग्रेस हमेशा नकारात्मक राजनीति करती है और झूठ फैलाने का काम करती है, जिसे जनता ने नकार दिया है।"

--आईएएनएस

एकेएस/सीबीटी

© Copyright @2024 LIDEA. All Rights Reserved.