टोंक न्यूज़ डेस्क - जिले के उपभोक्ताओं सहित सरकारी कार्यालयों पर बिजली निगम का 39 करोड़ 90 लाख रुपए बकाया है। इनमें सबसे ज्यादा बकाया नगर निकायों पर रोडलाइट का 32 करोड़ 60 लाख रुपए है। करोड़ों रुपए के बकाए से परेशान जयपुर डिस्कॉम ने मार्च ही नहीं बल्कि पूरे साल वसूली अभियान चलाया था।
इसके बावजूद निगम के उपभोक्ताओं पर अभी भी 39 करोड़ रुपए की राशि बकाया है। ऐसे में अब जबकि मार्च माह चल रहा है और मात्र 13 दिन शेष रह गए हैं तो अभियंताओं ने वसूली अभियान तेज कर दिया है। इसके बावजूद जयपुर डिस्कॉम इन दिनों सरकारी व आम उपभोक्ताओं से बकाया 39 करोड़ रुपए की राशि वसूलने में पसीना बहा रहा है। इतना ही नहीं 40 हजार 686 कटे कनेक्शनों पर बकाया 25 करोड़ 70 लाख रुपए की राशि इसमें शामिल नहीं है।
जयपुर डिस्कॉम के अभियंताओं के अनुसार बकाया वालों को नोटिस जारी कर राशि जमा कराने की जानकारी दी गई है। इनमें नगर निकाय, जलदाय, पंचायत प्रशासन, चिकित्सा, शिक्षा आदि विभाग शामिल हैं। हालांकि निगम ने सरकारी विभागों को भी बकाया राशि जमा करवाने के लिए पत्र लिखा है। उल्लेखनीय है कि बिजली निगम उपभोक्ताओं से बकाया बिल राशि वसूलने के लिए हर साल मार्च में विशेष अभियान चलाता है।