कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने RSS पर फिर किया जोरदार हमला, बोले 'सरकार कहीं और, सत्ता कहीं और'
aapkarajasthan March 20, 2025 01:42 AM

राजसमंद न्यूज़ डेस्क - कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि देश में चुनाव भाजपा के सिंबल पर जीते गए हैं, लेकिन आरएसएस का राज है। इनकी कोई जवाबदेही नहीं है। इनसे सवाल करने वाला कोई नहीं है। देश में एजेंसियों का दुरुपयोग हो रहा है। गुजरात से चुनिंदा ठेकेदार हैं। दिल्ली से पर्चियां आती हैं और पर्चियों के जरिए लूट करते हैं। जिस तरह अंग्रेजों ने सोने की चिड़िया भारत को लूटा, वही हालात प्रदेश में चल रहे हैं। विधानसभा में हुए घटनाक्रम को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार सदन चलाना और जनता के मुद्दों पर बात करना नहीं चाहती। इनके पास जवाब देने की क्षमता और तैयारी भी नहीं है। यदि मंत्री द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री पर की गई टिप्पणी को कार्रवाई से हटा दिया जाता तो कोई दिक्कत नहीं होती, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। इसके चलते धरना देना पड़ा। नेता प्रतिपक्ष ने खेद जताया कि जनता के काम होने चाहिए, उनके मुद्दे सुने जाने चाहिए।

सरकार चुनाव कराने से बच रही है
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में हमारा प्रदर्शन अच्छा रहा, लेकिन हम सरकार नहीं बना पाए। लोकसभा में 4-5 सीटें 50 हजार से कम वोटों के अंतर से हारी। उन्होंने कहा कि सरकार चुनाव कराने से भाग रही है। पंचायतों में प्रशासक नियुक्त किए जा रहे हैं। हाईकोर्ट पहले ही ओबीसी का सर्वे कराकर आरक्षण की व्यवस्था करने और चुनाव कराने का आदेश दे चुका है, लेकिन सरकार बार-बार इसे टाल रही है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए 200 विधानसभा क्षेत्रों में समन्वयक नियुक्त किए गए हैं। 400 ब्लॉकों में बूथ स्तर तक कार्यकारिणी बनाई जा रही है। कांग्रेस में निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को हटाया जा रहा है और नए कार्यकर्ताओं को मौका दिया जा रहा है। ये सारे काम अगले तीन महीने में पूरे हो जाएंगे।

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.