मुंबई, 18 जून। बॉलीवुड की जानी-मानी अदाकारा फातिमा सना शेख ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा की है, जिसमें उन्होंने एक काली ड्रेस पहनी हुई है। इस तस्वीर में उन्होंने खुद को मधुमक्खी की सौतेली बहन बताया है।
फातिमा ने इस तस्वीर के कैप्शन में लिखा, 'मैं मधुमक्खी की सौतेली बहन हूं।' तस्वीर में वह काले रंग की ड्रेस में नजर आ रही हैं, साथ ही उन्होंने ट्रेंडी इयररिंग्स और हल्का मेकअप किया हुआ है। उन्होंने हाथ में चश्मा लिए हुए खास अंदाज में पोज दिया है।
उनके फैंस इस खास लुक को काफी पसंद कर रहे हैं और कमेंट सेक्शन में हार्ट और फायर इमोजी के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
फातिमा इन दिनों अपनी नई फिल्म 'मेट्रो... इन दिनों' की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं।
उन्होंने एक इंटरव्यू में निर्देशक अनुराग बासु के साथ काम करने के अनुभव को साझा किया। उन्होंने कहा, 'जब आप उनके काम के तरीके को अपनाते हैं, तो आप खुद को बेफिक्र महसूस करते हैं। आप ज्यादा सोचते नहीं हैं, बल्कि अपनी आंतरिक आवाज पर भरोसा करते हैं।' उन्होंने यह भी बताया कि 'लूडो' के दौरान उन्हें अपने अभिनय में असुरक्षा महसूस हुई, लेकिन सेट पर पहुंचने के बाद सब कुछ बदल गया।
अनुराग ने उन्हें कहा, 'अपने आप पर शक करना बंद करो। जो तुम कर रही हो, वह सही है।' फातिमा ने कहा कि ऐसे शब्द किसी बड़े निर्देशक से सुनना उनके लिए बहुत महत्वपूर्ण था और इससे उनके काम करने के तरीके में बदलाव आया।