Weather Update: दिल्ली, यूपी से बिहार तक बारिश का IMD अलर्ट! जानिए अगले 7 दिनों का हाल
मौसम विभाग ने आनेवाले दिनों में जुलाई महीने को लेकर चेतावनी जारी की है। इसके मुताबिक दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश देखने को मिलेगी। मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसून की पहली जोरदार दस्तक ने शहर वासियों और किसानों के चेहरे खिला दिए हैं। रविवार रात से शुरू हुई झमाझम बारिश का दौर अभी थमने का नाम नहीं ले रही है। पिछले करीब 12 घंटे में 119 मिली मीटर बारिश रिकाॅर्ड की गई है। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो मानसूनी बारिश का दौर दो-तीन दिन तक लगातार बना रहेगा। पश्चिम उत्तर प्रदेश में मानसून की जोरदार दस्तक के साथ बारिश के तेवर बढ़ते ही जा रहे हैं। रविवार की रात करीब 10 बजे से शुरू हुई बारिश सोमवार को दोपहर तक झमाझम होती रही। बारिश से जहां जनजीवन प्रभावित हो गया, वहीं शहर वासियों को गर्मी से भी राहत मिली है।
हालांकि मौसम विज्ञान विभाग के डाटा संग्रह केंद्र के अधिकारियों के अनुसार रविवार को इस मानसून की सबसे अधिक बारिश हुई। इसकी वजह से अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान में भी तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इधर हिमाचल में सोमवार 30 जून को चार जिलों कांगड़ा, सोलन, सिरमौर और मंडी में रेड और अन्य क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, रामपुर उपमंडल के अंतर्गत सरपारा पंचायत में रात करीब दो बजे अचानक बादल फटने से सिकासेरी गटूला जगह पर काफी नुकसान हुआ है। बादल फटने से राजेंद्र कुमार पुत्र पलस राम का दो कुटार, एक कमरा, एक किचन सहित अन्य सारा सामान मलबा आने से क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं, विनोद कुमार का एक खूड एक गाय और गोपाल सिंह का एक खूड और गाय बह गई है।