कौशांबी: कौशांबी जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बेटी के प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने प्रेमी युवक को धोखे से घर बुलाकर कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान अंकुर सरोज (20) निवासी रतगहां गांव के रूप में हुई है। पुलिस ने शव बरामद कर लिया और दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, राकेश कुमार सरोज का बेटा अंकुर मजदूरी करके घर का भरण-पोषण करता था। गांव की एक किशोरी से उसका प्रेम संबंध था। परिवार की नाराजगी के बावजूद करीब पांच महीने पहले दोनों ने भागकर मंदिर में प्रेम विवाह कर लिया था। इसके बाद दोनों अपने-अपने घर लौट आए थे।
सिर पर किए कुल्हाड़ी वार
मंगलवार की रात किशोरी के परिजनों ने अंकुर को बहाने से घर बुलाया और बंधक बना लिया। भागने की कोशिश करने पर उसके सिर पर कुल्हाड़ी से कई वार किए गए। गंभीर चोट और अधिक खून बहने से अंकुर की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजन घटना को छिपाने के लिए शव को दो घंटे तक घर में ही रखते रहे। लेकिन पड़ोसियों के जरिए मृतक के स्वजनों को सूचना मिल गई। इसके बाद सैयद सरावां चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही हमलावर फरार हो गए। घायल अवस्था में अंकुर को चायल सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी?
एसपी राजेश कुमार ने बताया कि लड़की से प्रेम विवाह को लेकर परिजन नाराज थे। दो संदिग्ध हिरासत में लिए गए हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी।