शनिवार को 'बॉर्डर 2' ने की जमकर कमाई, 'मर्दानी 3' ने दिया टफ कंपटीशन, जानें 'धुरंधर' सहित बाकी फिल्मों का हाल
एबीपी एंटरटेनमेंट डेस्क February 01, 2026 06:42 PM

Saturday Box Office Collection: बॉक्स ऑफिस को 'बॉर्डर 2' डोमिनेट कर रही है और इसके आगे कोई भी फिल्म टिक नहीं पा रही है. हालांकि रानी मुखर्जी की 'मर्दानी 3' ने सनी देओल की फिल्म को टफ कंपटीशन दिया है. वहीं, ओटीटी रिलीज के बाद भी 'धुरंधर' को देखने लोग थियेटर पहुंच रहे हैं. आपको बताते हैं कि शनिवार को किस फिल्म ने कितनी कमाई की.

'बॉर्डर 2' ने शनिवार को कितना कमाया
सनी देओल और वरुण धवन की ये मल्टी स्टारर फिल्म रिलीज के दिन से ही बंपर कमाई कर रही है. फिल्म ने फर्स्ट वीक में 224.25 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया. वहीं, रिलीज के 9वें दिन यानी दूसरे शनिवार को बॉर्डर 2 ने 17.75 करोड़ का कलेक्शन किया. सैकनिक के मुताबिक इस फिल्म का कलेक्शन 9 दिनों में इंडिया में करीब  252.75 करोड़ रुपये हो गया है. 

'मर्दानी 3' ने शनिवार को कितनी कमाई की

30 जनवरी को थियेटर में रिलीज हुई फिल्म 'मर्दानी 3' भी अच्छा प्रदर्शन कर रही है. रानी मुखर्जी स्टारर इस फिल्म ने पहले दिन 4 करोड़ कमाई की. वहीं दूसरे दिन शनिवार को फिल्म का कलेक्शन करीब 50% बढ़ गया और इसने कुल 6 करोड़ का नेट कलेक्शन किया. कुल मिलाकर दो दिनों में 'मर्दानी 3' ने 10 करोड़ की कमाई कर ली है. 

धुरंधर ने 9वें शनिवार कितनी की कमाई

ओटीटी रिलीज के बाद भी रणवीर सिंह की 'धुरंधर' थियेटर में ठीक ठाक कमा रही है. सैकनिक के मुताबिक 'धुरंधर' ने रिलीज के 9वें शुक्रवार यानी 50वें दिन 0.4 करोड़ (40 लाख) की कमाई की. इसी के साथ इस फिल्म का भारत में टोटल नेट कलेक्शन अब 836.5 करोड़ रुपये हो गया है. ये फिल्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है. ओटीटी पर भी इसे खूब देखा जा रहा है. नेटफ्लिक्स पर ये फिल्म नंबर वन ट्रेंड भी कर रही है.

मना शंकरा वर प्रसाद गारू का तीसरे शनिवार का कितना रहा कलेक्शन

चिरंजीवी की फिल्म 'मना शंकरा वर प्रसाद गारू' भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई कर रही है. इस फिल्म ने रिलीज के दो हफ्ते में 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. सैकनिक के आंकड़ों के मुताबिक इस फिल्म ने रिलीज के तीसरे शनिवार यानी 20वें दिन 1.71 करोड़ का कलेक्शन किया. जिसके बाद इसकी टोटल कमाई अब 204.76 करोड़ रुपये हो गई है. 

नारी नारी नडुमा मुरारी
शरवानंद, संयुक्ता मेनन, साक्षी वैद्य और श्री विष्णु की फिल्म ‘नारी नारी नडुमा मुरारी’ भी थियेटर में अच्छा कमा रही है. इसने रिलीज के 18वें दिन 0.7 करोड़ (7 लाख) का कलेक्शन किया. सैकनिक के मुताबिक कुल मिलाकर ये फिल्म डोमेस्टिक बॉक्स ऑफिस पर कुल 23.65 करोड़ कमा चुकी है. इस फिल्म को राम अब्बाराजू ने डायरेक्ट किया है.

Verdict: शनिवार को डोमेस्टिक बॉक्स ऑफिस पर सबसे ज्यादा 'बॉर्डर 2' ने कमाई की. सनी देओल की इस फिल्म के आगे कोई नहीं टिक पाया. 

(कमाई के आंकड़े सैकनिक और बॉलीवुड हंगामा से लिए गए हैं)

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.