मुंबई, 7 फरवरी। अभिनेता हर्षवर्धन राणे को बॉलीवुड में उनके गहन और रोमांटिक किरदारों के लिए जाना जाता है। चाहे वह 'सनम तेरी कसम' में इंदर का रोल हो या 'एक दीवाने की दीवानीयत' में विक्रमादित्य का, उनकी अदाकारी दर्शकों के दिलों को छू जाती है। पर्दे पर उनके किरदार हमेशा भावुक और गहरे होते हैं।
हालांकि, असल जिंदगी में हर्षवर्धन शादी के मामले में कितने गंभीर हैं, इस पर उन्होंने एक मजेदार जवाब दिया।
एक इंटरव्यू के दौरान जब उनसे शादी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने हंसते हुए कहा, "मेरी शादी तो हो चुकी है... मेरे काम से! मेरी दुल्हन हैं मेरी फिल्में।"
उन्होंने यह भी बताया कि उनका ध्यान पूरी तरह से अपने करियर पर है। उनके लिए फिल्में सिर्फ काम नहीं, बल्कि जीवन का सबसे बड़ा प्यार हैं। जब भी वह किसी किरदार में खो जाते हैं, वह उनके लिए सबसे करीबी साथी बन जाती हैं। रोमांटिक भूमिकाएं निभाने के कारण लोग अक्सर उनकी लव लाइफ के बारे में पूछते हैं, लेकिन हर्षवर्धन का हमेशा यही जवाब होता है कि उनका दिल और दिमाग पूरी तरह से सिनेमा के साथ जुड़ा हुआ है।
हर्षवर्धन ने 16 साल की उम्र में एक्टिंग का सपना देखने के लिए घर छोड़ दिया था। बिना किसी बड़े सपोर्ट या गॉडफादर के, वह पूरी तरह से एक आउटसाइडर थे। शुरुआत में उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन उनकी मेहनत और इच्छाशक्ति ने उन्हें कभी हार नहीं मानने दिया। आज वह बॉलीवुड और साउथ इंडस्ट्री में कई हिट फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।
वर्तमान में, हर्षवर्धन राणे अपनी आगामी फिल्मों की शूटिंग में व्यस्त हैं और 2025 में 'सनम तेरी कसम' और 'एक दीवाने की दीवानीयत' की सफलता से उत्साहित हैं। इस साल भी वह दर्शकों को तीन नई फिल्में देने वाले हैं।