नई कार खरीदने का बना रहे प्लान? मार्केट में 30 से ज्यादा नई गाड़ियां होंगी लॉन्च, जानें डिटेल्स
एबीपी ऑटो डेस्क February 09, 2026 07:12 PM
भारतीय ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री के लिए साल 2026 बेहद खास साबित होने वाला है. 2025 में जहां कई नई कारें और अपडेटेड मॉडल्स लॉन्च हुए, वहीं 2026 में यह रफ्तार और भी तेज होने वाली है. रिपोर्ट्स के अनुसार, साल 2026 में भारत में 30 से ज्यादा नई पैसेंजर गाड़ियां लॉन्च की जा सकती हैं. इसमें SUV, इलेक्ट्रिक कार और नई जनरेशन मॉडल्स की भरमार देखने को मिलेगी, जिससे ग्राहकों के पास पहले से कहीं ज्यादा विकल्प होंगे.
पहले से कहीं ज्यादा बड़े और प्रीमियम लॉन्च
- अगर पिछले कुछ सालों पर नजर डालें तो CY2021 से CY2024 के बीच हर साल औसतन 10 से 11 नए मॉडल ही लॉन्च हुए थे. इनमें से ज्यादातर फेसलिफ्ट या छोटे अपडेट वाले मॉडल थे. CY2025 में यह संख्या बढ़कर 19 तक पहुंची. लेकिन 2026 में कंपनियां पूरी तरह नए जनरेशन और प्रीमियम सेगमेंट की कारें लॉन्च करने की तैयारी में हैं. इसका सीधा फायदा ग्राहकों को मिलेगा, क्योंकि उन्हें नई टेक्नोलॉजी, बेहतर सेफ्टी और मॉडर्न डिजाइन वाली गाड़ियां मिलेंगी.
SUV सेगमेंट और बिक्री में जबरदस्त उछाल
- साल 2025 में पैसेंजर व्हीकल की कुल बिक्री 4.49 मिलियन यूनिट तक पहुंच गई, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है. यह बिक्री 2024 के मुकाबले करीब 5 प्रतिशत ज्यादा रही. इस ग्रोथ में सबसे बड़ा योगदान SUV सेगमेंट का रहा, जिसकी हिस्सेदारी कुल बिक्री में 56 प्रतिशत तक पहुंच गई. GST में कटौती के बाद दिसंबर 2025 में रिटेल सेल्स में 26.8 प्रतिशत की बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे बाजार में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला.
2026 में कौन-कौन सी गाड़ियां रहेंगी चर्चा में?
- 2026 की शुरुआत ही बड़े लॉन्च के साथ हो चुकी है. Renault ने अपनी नेक्स्ट जनरेशन Duster को 26 जनवरी 2026 को पेश किया है. Tata Motors भी 2026 में Sierra EV, Punch EV Facelift और साल के अंत तक Avinya सीरीज लॉन्च कर सकती है. वियतनाम की कंपनी VinFast भारत में तीन नई इलेक्ट्रिक गाड़ियां उतारने की तैयारी में है, जिनकी शुरुआत 7-सीटर MPV से हो सकती है. इसके अलावा Hyundai, MG Motor, Nissan, Volkswagen और Skoda जैसे बड़े ब्रैंड्स भी 2026 में कई नई गाड़ियों से पर्दा उठा सकते हैं. कुल मिलाकर, 2026 भारतीय ऑटो इंडस्ट्री के लिए गेम चेंजर साल साबित हो सकता है.