एक्टर रणवीर सिंह को धमकी मिली है और करोड़ों रुपयों की मांग की गई है.वहीं रणवीर सिंह–दीपिका पादुकोण ने अपनी सिक्योरिटी बढ़ाई है. एक्टर के फ्लैट पर 6 सशस्त्र गार्ड तैनात किए गए. लेकिन इस सिक्योरिटी को लेकर विवाद भी हो गया है. मुंबई के वर्ली इलाके में स्थित उनकी ब्यू मोंडे सोसायटी में सुरक्षा को लेकर विवाद हुआ.
दादर पुलिस स्टेशन में शिकायत की गई है. सोसायटी का दावा है कि बिना अनुमति के तैनाती की गई है. कॉमन एरिया में हथियारों के साथ गार्ड की आवाजाही से चिंता का माहौल है. एक वर्दीधारी पुलिसकर्मी की मौजूदगी पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं. सोसायटी ने दादर पुलिस से मांगा आधिकारिक स्पष्टीकरण. पुलिस ने मौके पर अधिकारी भेजे और जांच शुरू हुई.
बिना परमिशन के तैनात किए गए सुरक्षा गार्ड
सोसायटी ने एक पत्र भी लिखा है. इसमें लिखा गया- ये पत्र कल आपके कार्यालय में हुई हमारी बैठक के संदर्भ में है. इसमें ब्यू मोंडे (Beau Monde) सोसाइटी, फ्लैट क्रमांक 2602 के निवासी श्री रणवीर सिंह और सुश्री दीपिका पादुकोण द्वारा तैनात सशस्त्र सुरक्षा कर्मियों के विषय पर चर्चा की गई थी. बैठक के दौरान आपको अवगत कराया गया था कि उपरोक्त निवासियों द्वारा सोसाइटी प्रबंध समिति से पूर्व अनुमति या स्वीकृति लिए बिना छह सशस्त्र निजी सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं. साथ ही ये भी देखा गया है कि उनके साथ एक वर्दीधारी पुलिसकर्मी भी तैनात है, जो पहले नहीं था.

पत्र में आगे लिखा- ये सशस्त्र सुरक्षा गार्ड सोसाइटी के सामान्य क्षेत्रों जैसे लॉबी और बच्चों के खेल क्षेत्र में हथियारों के साथ आवाजाही करते रहते हैं. इसलिए अन्य निवासियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर सोसाइटी प्रबंध समिति ने गंभीर चिंता व्यक्त की है. इस संदर्भ में सोसाइटी प्रबंध समिति निम्नलिखित बिंदुओं पर स्पष्टीकरण चाहती है-
1. क्या तैनात निजी सुरक्षा गार्ड आवासीय परिसर के भीतर लाइसेंसी हथियार लेकर चल रहे हैं?
2. क्या इस संबंध में आपके कार्यालय, यानी दादर पुलिस स्टेशन, द्वारा कोई अनुमति प्रदान की गई है?
3. संबंधित फ्लैट पर तैनात पुलिस कर्मी का विवरण, वो किस विभाग से तैनात किया गया है तथा उसकी तैनाती का स्वरूप क्या है?
निवेदन है कि उपरोक्त जानकारी यथाशीघ्र उपलब्ध कराने का कष्ट करें, ताकि सोसाइटी निवासियों की चिंताओं का उचित समाधान किया जा सके. धन्यवाद.