बिहार के समस्तीपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है. यहां एक छात्र का पकड़ौआ विवाह (जबरन शादी) कराने का आरोप लगा है. घटना शाहपुर पटोरी थाना क्षेत्र के चकरांजली गांव की बताई जा रही है. आरोप है कि एक छात्र को नशीला पदार्थ देकर बेहोशी की हालत में जबरन शादी की रस्में पूरी करवाई गईं. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वायरल वीडियो में युवक की पहचान 23 वर्षीय सुमित कुमार (बदला हुआ नाम) के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, सुमित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था. घटना वाले दिन वो घर से लाइब्रेरी में पढ़ाई करने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा. जब परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, तब उन्हें जानकारी मिली कि गांव के ही कुछ लोगों ने उसे बंधक बना लिया है और उसकी शादी कराई जा रही है.
बेहोशी की हालत में निभाई गईं रस्में
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि शादी के दौरान युवक की तबीयत अचानक बिगड़ जाती है और वह बेहोश हो जाता है. चौंकाने वाली बात यह है कि युवक के अचेत होने के बावजूद वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर जबरन शादी की रस्में पूरी करवाईं. एक अन्य वीडियो में युवक खुद को एक कमरे में बंद बताते हुए मदद की गुहार लगा रहा है. युवक का आरोप है कि उसे 24 घंटे से ताला मारकर बंधक बनाकर रखा गया है.
प्रेम प्रसंग का एंगल भी आया सामने
इस पूरे मामले पर पटोरी डीएसपी बीके मेधावी ने बताया कि फिलहाल पुलिस को लड़के के परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. हालांकि, प्रारंभिक छानबीन में पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि छात्र और युवती के बीच पहले से प्रेम प्रसंग चल रहा था. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्हें इस घटना की जानकारी सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स के माध्यम से मिली है. पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है और तथ्यों के सत्यापन के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
(समस्तीपुर से ज्योति कुमार सिंह की रिपोर्ट)