कोटा में 60 वर्षीय महिला की हत्या से सनसनी, घर से जेवरात-नकदी गायब
TV9 Bharatvarsh March 22, 2026 07:43 PM

कोटा के आरके पुरम थाना क्षेत्र में एक 60 वर्षीय महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना खड़े गणेश जी मंदिर के पास गणेश नगर स्थित मकान नंबर 632 की है, जहां बृजेश कुमारी शर्मा नामक महिला का शव संदिग्ध हालत में मिला. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पूरे मामले की जांच कर रही है.

जानकारी के अनुसार, मृतका घर में अकेली रहती थीं, जबकि उनका बेटा राकेश शर्मा पास की कॉलोनी रंगबाड़ी विनोबा भावे नगर में रहता है. रविवार सुबह करीब 9 बजे दूध वाले के आने पर इस घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

मौके पर पुलिस- प्रशासन के आला अधिकारी पहुंच गए. साथ ही एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवा दिया है.

घर से जेवर और नकदी गायब

मृतका के बेटे राकेश शर्मा का कहना है कि घर से जेवर, नगदी और कुछ जरूरी दस्तावेज गायब हैं, जिससे लूट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है. वहीं, पड़ोसियों के अनुसार महिला ने एक दिन पहले गणगौर पूजा के चलते काफी मात्रा में सोना पहना हुआ था.

मां-बेटे के बीच था विवाद

स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि एक ऑटो चालक अक्सर महिला के घर आता-जाता था, जिससे पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है. वहीं, पारिवारिक विवाद को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है, क्योंकि बताया जा रहा है कि मां-बेटे के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हत्या की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी. फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है.

(रिपोर्ट – कामेन्दु जोशी, कोटा)

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.