Bihar Crime News: वैशाली में जमीनी विवाद में हिंसा… तोड़फोड़ और आगजनी; बच्चे-महिलाएं सहित कई घायल
TV9 Bharatvarsh March 22, 2026 11:43 PM

बिहार के वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र के लोदीपुर गांव में जमीनी विवाद ने उस समय भयावह रूप ले लिया, जब दो पक्षों के बीच जमकर हिंसक झड़प हो गई. इस दौरान घरों और दुकानों में तोड़फोड़ के साथ आगजनी की घटना भी सामने आई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बड़ी संख्या में लोग लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर एक पक्ष के घर और दुकान पर टूट पड़े. हमलावरों ने फर्नीचर की दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और बाद में आग लगा दी. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उपद्रवी खुलेआम तोड़फोड़ और पथराव करते नजर आ रहे हैं.

लूट करने का आरोप

पीड़ित पक्ष के मंजय शर्मा ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के उपेंद्र राय और उनके समर्थकों ने सैकड़ों की संख्या में आकर हमला किया। इस दौरान करीब 1 लाख रुपये नकद और लगभग 3 लाख रुपये के सामान की लूट की गई. इसके अलावा बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया.

महिलाओं और बच्चे भी हुए घायल

घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. घायलों में मंजय शर्मा (42), संजय शर्मा (45), रंजन कुमार (18), शीला देवी (38), शर्मीला कुमारी (15), नेहा कुमारी (12), मुस्कान कुमारी (15), सोनू कुमार (10) और मुनि देवी (40) शामिल हैं. सभी को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

लंबे समय चल रहा था विवाद

बताया जा रहा है कि यह विवाद लंबे समय से चल रहे जमीनी मामले से जुड़ा है. जमीन को लेकर पहले से ही टाइटल सूट चल रहा था. पीड़ितों का आरोप है कि हमलावरों ने शादी के लिए रखे पैसे भी लूट लिए और घर के सामान भी उठा ले गए.

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है और मामले की जांच कर रही है. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.