नई दिल्ली। बिहार के मोकामा से जनता दल यूनाईटेड (जेडीयू) पार्टी के विधायक अनंत सिंह आखिरकार आज जेल से रिहा हो गए। दुलारचंद यादव की हत्या मामले में उनको पटना हाईकोर्ट से 19 मार्च को जमानत मिल गई थी। पटना के बेऊर जेल के बाहर बड़ी संख्या में अनंत सिंह समर्थक मौजूद थे। जैसे ही वो जेल से बाहर आए समर्थकों ने उनको फूल मालाओं से लाद दिया। इतना ही नहीं प्रशंसकों ने जमकर पटाखे फोड़े और जेल से लेकर अनंत सिंह के घर तक रास्ते भर ढोल नगाड़ों से उनका स्वागत किया गया। समर्थकों ने अनंत सिंह जिंदाबाद के नारे भी लगाए।
बता दें कि अनंत सिंह का मोकामा विधानसभा क्षेत्र में काफी अच्छा खासा वर्चस्व है और उनका नाम बिहार के बाहुबली विधायकों में लिया जाता है। अनंत सिंह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बहुत खासम खास माने जाते हैं। अभी हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव में कोर्ट से अनुमति अनंत सिंह वोट डालने विधानसभा पहुंचे थे जहां उन्होंने इस बात का ऐलान कर दिया था कि अब वो भविष्य में चुनाव नहीं लड़ेंगे। अनंत सिंह ने कहा था कि जब नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं तो ऐसे में अब मैं अगला चुनाव नहीं लड़ूंगा बल्कि मेरे बेटे चुनाव लड़ेंगे।
बिहार में 2025 में हुए विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज के समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या हो गई थी। इस हत्याकांड में अनंत सिंह का नाम आया और पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर लिया था। अनंत सिंह ने जेल में रहते हुए ही चुनाव लड़ा था और भारी मतों से जीत दर्ज की थी। पटना हाईकोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल करने से पहले अनंत सिंह ने एमपी-एमएलए अदालत में याचिका दायर की थी मगर आरोपों की गंभीरता का हवाला देते हुए कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
The post Mokama MLA Anant Singh Released From Jail : जेल से रिहा हुए मोकामा विधायक अनंत सिंह, समर्थकों ने मनाई दिवाली, ढोल-नगाड़ों से किया स्वागत appeared first on News Room Post.