West Bengal Election 2026 : पश्चिम बंगाल में असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम और हुमायूं कबीर की जनता उन्नयन पार्टी ने एक साथ चुनाव लड़ने का फैसला किया है। गठबंधन की घोषणा करते हुए दोनों नेताओं ने चुनाव प्रचार को लेकर अपनी योजना का भी खुलासा किया। दोनों दल 20 रैलियां करेंगे, जिसकी शुरुआत 1 अप्रैल को बहरामपुर से होगी।
जनता उन्नयन पार्टी के फाउंडर हुमायूं कबीर और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए अपनी पार्टियों के बीच गठबंधन की घोषणा के बाद एक जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की। हुमायूं कबीर ने कहा कि हम पूरे राज्य में 20 रैलियां करेंगे। पहली रैली 1 अप्रैल को बहरामपुर में ओवैसी के साथ होगी।
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि हमारी कोशिश है कि पश्चिम बंगाल में इस चुनाव में मुस्लिम माइनॉरिटी से एक लीडरशिप उभरे और मजबूत हो। हमने तय कर लिया है कि हम कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। यह गठबंधन सिर्फ इस चुनाव तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसे हमारे पॉलिटिकल मकसद को पाने के लिए आगे बढ़ाया जाएगा।
क्या बोले भाजपा नेता दिलीप घोष?AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के आम जनता उन्नयन पार्टी के साथ पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव लड़ने के ऐलान पर खड़गपुर सदर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष ने कहा कि अब देखते हैं कि जनता किसको पसंद करेगी और किसको पसंद नहीं करेगी? बंगाल में लोग किसी को बहुत जल्दी स्वीकार नहीं करते हैं। उनको काम करना पड़ेगा, लड़ना पड़ेगा तब लोग स्वीकार करेंगे। लोकतंत्र में सबको चुनाव लड़ने का, पार्टी बनाने का अधिकार है।
गौरतलब है कि बंगाल में 294 सीटों पर 2 चरणों में 24 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान होना है। 4 मई को मतगणना के बाद चुनाव नतीजों का ऐलान होगा।
edited by : Nrapendra Gupta