बीजेपी को मिल सकती हैं कितनी सीटें? कितने प्रतिशत लोग ममता बनर्जी को चाहते हैं CM, प्री पोल सर्वे का अनुमान चौंकाने वाला
शिवम April 01, 2026 12:42 PM

पश्चिम बंगाल समेत 4 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में अगले महीने चुनाव हैं, जिनकी तारीखों का एलान हो गया है. बंगाल में 2 चरणों (23-29 अप्रैल) में चुनाव होगा. इससे पहले ताजा ओपिनियन पोल सामने आया है, जो ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में हैं. CNN-News18 और Vote Vibe द्वारा जारी प्री पोल सर्वे के अनुसार पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस लगातार चौथी बार सरकार बना सकती है. इस पोल में सामने आया है कि मुख्यमंत्री के तौर पर ममता बनर्जी की लोकप्रियता कायम है.

पश्चिम बंगाल विधानसभा में कुल 294 सीटें हैं, जिसमें बहुमत हासिल करने के लिए 148 से अधिक सीटें जीतनी होती है. चुनाव से पहले हुए सर्वे में अनुमान लगाया गया है कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस 184 से 194 सीटों पर जीत सकती है, जो बहुमत के आंकड़ों से अधिक है. वोट शेयर के मामले में भी TMC को बढ़त मिली है. सर्वे के अनुसार 41.9 प्रतिशत लोगों ने तृणमूल कांग्रेस और 34.9 प्रतिशत लोगों ने भाजपा के प्रति समर्थन दिया है.

ममता बनर्जी की लोकप्रियता कायम

ओपिनियन पोल के अनुसार भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल में 98 से 108 सीटें जीत सकती है, जो बहुमत के आंकड़ें से कम है. इसके अनुसार TMC की जीत का आधार ममता बनर्जी बनी हुई हैं. सर्वे में 48.8 प्रतिशत लोगों ने ममता बनर्जी को मुख्यमंत्री के तौर पर चुना, 33.4 प्रतिशत लोगों ने BJP के शुभेंदु अधिकारी को चुना.

राज्य सरकार के काम को लेकर 43.3 प्रतिशत लोगों ने अच्छा या बहुत अच्छा बताया. वहीं सरकार के काम को बहुत खराब बताने वालों का आंकड़ा 20.6 प्रतिशत रहा, 18.3 प्रतिशत ने सरकार के काम को खराब बताया. 36.5 प्रतिशत लोग ऐसे रहे, जिन्होंने कहा कि वह मौजूद TMC विधायकों को ही एक बार फिर वोट देंगे.

क्या है जातिगत आंकड़े

मुस्लिम समुदाय में ममता बनर्जी की प्रसिद्धि बनी हुई है. 44.2 प्रतिशत लोगों ने तृणमूल सरकार के काम को बहुत अच्छा बताया, जबकि सबसे ज्यादा आलोचनात्मक अनुसूचित जनजाति और सवर्ण हिंदू मतदाता दिखे. दोनों समूहों के 26.6 प्रतिशत ने मौजूदा सरकार के काम को बहुत खराब बताया.

ओपिनियन पोल से पता चलता है कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की कमजोरी पार्टी के अंदर फूट है. सर्वे में BJP के अंदर लड़ाई और गुटबाजी की ओर 19.9 प्रतिशत लोगों ने इशारा किया. 12.5 प्रतिशत ऐसा मानते हैं कि पार्टी बंगाल की संस्कृति को नहीं जानती है और 17.2 प्रतिशत लोग मानते हैं कि बीजेपी में राज्य-स्तरीय नेता की कमी है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.