प्रेगनेंट महिलाओं को डिलीवरी से पहले किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
TV9 Bharatvarsh April 04, 2026 12:43 AM

प्रेगनेंट महिलाओं को डिलीवरी से पहले अपना खास ध्यान रखने की जरूरत होती है, क्योंकि यह समय मां और बच्चे दोनों के लिए बेहद सेंसिटिव होता है. इस दौरान शरीर में तेजी से हॉर्मोनल बदलाव होते हैं, जिससे थकान, कमजोरी और इमोशनल उतार-चढ़ाव महसूस हो सकते हैं. सही देखभाल न करने पर डिलीवरी के समय समस्याएं बढ़ सकती हैं. मां की सेहत का सीधा असर बच्चे के विकास और जन्म पर पड़ता है, इसलिए खानपान, दिनचर्या और मानसिक स्थिति का संतुलित होना बहुत जरूरी है.

कई बार छोटी-छोटी लापरवाहियां भी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती हैं. यही वजह है कि डॉक्टर भी इस समय अधिक सावधानी बरतने की सलाह देते हैं. समय पर जांच, सही पोषण और आराम से मां का शरीर डिलीवरी के लिए तैयार होता है. इसलिए इस दौर में जागरूक रहना और सही आदतें अपनाना बेहद जरूरी है. आइए जानते हैं कि डिलीवरी से पहले प्रेगनेंट महिलाओं को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.

डिलीवरी से पहले किन बातों का ध्यान रखें?

आरएमएल हॉस्पिटल में महिला रोग विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सलोनी चड्ढा बताती हैं कि डिलीवरी से पहले प्रेगनेंट महिलाओं को अपनी दिनचर्या और सेहत पर खास ध्यान देना चाहिए. संतुलित और पौष्टिक डाइट लें, जिसमें प्रोटीन, आयरन और कैल्शियम भरपूर हो. पर्याप्त पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें.

नियमित डॉक्टर की जांच कराते रहें और दी गई दवाएं समय पर लें. हल्की-फुल्की एक्सरसाइज या वॉक करना भी फायदेमंद होता है, लेकिन डॉक्टर की सलाह जरूर लें. पर्याप्त नींद लें और तनाव से दूर रहें. किसी भी तरह की असहजता या दर्द होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें. डिलीवरी के लिए जरूरी सामान पहले से तैयार रखें ताकि अंतिम समय में परेशानी न हो.

डिलीवरी से पहले किन चीजों से परहेज करें?

डिलीवरी से पहले कुछ चीजों से परहेज करना भी जरूरी है. बहुत ज्यादा मसालेदार, तला-भुना या जंक फूड खाने से बचें. कैफीन और ठंडी ड्रिंक्स का सेवन सीमित करें. भारी सामान उठाने या ज्यादा थकाने वाले काम न करें. बिना डॉक्टर की सलाह के कोई दवा न लें.

धूम्रपान और शराब से पूरी तरह दूरी बनाए रखें. ज्यादा तनाव लेना भी नुकसानदायक हो सकता है, इसलिए खुद को शांत और पोजिटिव रखने की कोशिश करें.

ये भी जरूरी

डिलीवरी से पहले मानसिक रूप से तैयार रहना भी बहुत जरूरी है. परिवार का सपोर्ट और पोजिटिव माहौल मां को आत्मविश्वास देता है. अस्पताल और डॉक्टर का चयन पहले से कर लें.

इमरजेंसी नंबर और जरूरी दस्तावेज तैयार रखें. डिलीवरी के संकेतों की जानकारी होना भी जरूरी है, ताकि समय रहते सही कदम उठाया जा सके. सही जानकारी और तैयारी से डिलीवरी का अनुभव सुरक्षित और आसान बन सकता है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.