मुख्यमंत्री योगी की घोषणा पर कैबिनेट की लगी मुहर, शिक्षामित्रों व अनुदेशकों के मानदेय में होगी ऐतिहासिक वृद्धि
Webdunia Hindi April 07, 2026 09:43 PM

- शिक्षामित्रों का मानदेय 18,000 रुपए और अंशकालिक अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाकर 17,000 रुपए किया

- बढ़ा हुआ मानदेय 1 अप्रैल से प्रभावी, मई माह में दिए जाने वाले भुगतान में शामिल होगी यह वृद्धि

- निर्णय से प्रदेश सरकार पर 1475.27 करोड़ रुपए से अधिक का अतिरिक्त व्यय भार का अनुमान

Uttar Pradesh News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा पर मुहर लगाते हुए योगी कैबिनेट ने मंगलवार को शिक्षामित्रों और अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय में बड़ी बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी। इस निर्णय से प्रदेश के लाखों शिक्षा कर्मियों को सीधा लाभ मिलेगा और शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। कैबिनेट के समक्ष प्रस्तुत प्रस्ताव के अनुसार, वर्ष 2017 में 10,000 रुपए निर्धारित किए गए शिक्षामित्रों के मानदेय को अब बढ़ाकर 18,000 रुपए प्रतिमाह कर दिया गया है। इसी प्रकार अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय को बढ़ाकर अब 17,000 रुपए प्रतिमाह कर दिया गया है।

बढ़ा हुआ मानदेय अप्रैल माह से लागू हो जाएगा। इस निर्णय से प्रदेश सरकार पर कुल 1475.27 करोड़ रुपए से अधिक का अतिरिक्त व्यय भार आएगा। यह निर्णय उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र 2026 के प्रथम सत्र में मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में लिया गया है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि बढ़ा हुआ मानदेय वर्ष में 11 माह के लिए देय होगा।

ALSO READ: ‘बच्चा बाबू’ को याद कर भावुक हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

1.43 लाख शिक्षामित्रों को मिलेगा लाभ

कैबिनेट के निर्णय की जानकारी देते हुए बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में कुल 1,42,929 शिक्षामित्र कार्यरत हैं। इनमें से 1,29,332 शिक्षामित्रों का मानदेय अब तक केंद्र सरकार से समग्र शिक्षा अभियान के तहत 60:40 अनुपात में प्राप्त होता था।

समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत केंद्रांश के लिए भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा तथा अनुमोदन प्राप्त न होने की स्थिति में बढ़े हुए मानदेय के कारण इन पर आने वाला अतिरिक्त 1138.12 करोड़ रुपए का व्यय राज्य सरकार वहन करेगी। वहीं शेष 13,597 शिक्षामित्र, जिनका भुगतान पूरी तरह राज्य सरकार द्वारा किया जाता है, उनके लिए 119.65 करोड़ रुपए का अतिरिक्त व्यय भार भी प्रदेश सरकार उठाएगी।

ALSO READ: गोरखपुर प्रेस क्लब शपथ ग्रहण समारोह में बोले CM योगी: मूल्यों पर आधारित पत्रकारिता जरूरी, खबरों में भिन्नता से जनता होती है भ्रमित

करीब 25 हजार अनुदेशक होंगे लाभान्वित

संदीप सिंह ने बताया कि इसी प्रकार अंशकालिक अनुदेशकों को भी बड़ी राहत दी गई है। वर्ष 2017 में निर्धारित 9,000 रुपए मानदेय को बढ़ाकर अब 17,000 रुपए प्रतिमाह कर दिया गया है। प्रदेश के 13,769 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में वर्तमान में 24,717 अंशकालिक अनुदेशक कार्यरत हैं।

ALSO READ: सत्ता नहीं, संस्कार की है भाजपा की विकास यात्रा : योगी

इस वृद्धि से राज्य सरकार पर 217.50 करोड़ रुपए का अतिरिक्त व्यय भार आएगा। उन्होंने स्पष्ट किया है कि बढ़ा हुआ मानदेय 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा और मई माह में दिए जाने वाले भुगतान में यह वृद्धि शामिल होगी।
Edited By : Chetan Gour
© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.