Vaibhav Sooryavanshi: अभी नहीं, इंतजार कीजिए… RCB के खिलाफ आउट होने के बाद वैभव सूर्यवंशी पर बड़ा बयान
TV9 Bharatvarsh April 11, 2026 10:42 AM

IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला धूम मचा रहा है. हर विरोधी, हर गेंदबाज के खिलाफ वो हर मैच में रनों की बारिश कर रहे हैं. छक्कों का अंबार लगा रहे हैं और स्ट्राइक रेट उनका 7वें आसमान पर है. लेकिन, फिर भी वो क्या चीज है जिसे लेकर ये कहा गया कि इंतजार कीजिए. ये बड़ा बयान वैभव सूर्यवंशी के RCB के खिलाफ आउट होने के बाद आया है. RCB के खिलाफ गुवाहाटी में वैभव सूर्यवंशी ने धमाकेदार बल्लेबाजी की नुमाइश की. उन्हीं की बल्लेबाजी का नतीजा रहा कि राजस्थान की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 6 विकेट से हराने में कामयाब रही.

गेल का रिकॉर्ड तोड़ने से चूके वैभव सूर्यवंशी

वैभव सूर्यवंशी ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 300 की स्ट्राइक रेट से सिर्फ 26 गेंदों में 78 रन ठोके. उनकी इस ताबड़तोड़ पारी में 7 छक्के और 8 चौके शामिल रहे. वैभव सूर्यवंशी का विकेट क्रुणाल पंड्या ने लिया, जिन्होंने विराट कोहली के हाथों उन्हें कैच कराया. RCB के खिलाफ आउट होते ही वैभव सूर्यवंशी IPL में क्रिस गेल के नाम दर्ज सबसे तेज शतक के रिकॉर्ड को तोड़ने से चूक गए. IPL में गेल के नाम 30 गेंदों पर शतक दर्ज है.

कोच ने कहा- अभी नहीं, इंतजार कीजिए

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी के आउट होने के बाद उनके कोच मनीष ओझा ने TV9 से कहा कि अभी नहीं, इंतजार कीजिए. उन्होंने ऐसा तब कहा जब हमने उनसे गेल के रिकॉर्ड को लेकर सवाल किया. मनीष ओझा ने कहा कि वो टाइम आएगा और IPL 2026 में ही आएगा. राजस्थान रॉयल्स जिस मैच में भी पहले बैटिंग कर रही होगी, उसमें वैभव पर नजर रखिएगा. वो गेल के 175 रन का रिकॉर्ड भी तोड़ेगा.

रन, छक्के और स्ट्राइक रेट में जिसका ‘वैभव’, वो है सूर्यवंशी

RCB के मैच के बाद TV9 से बातचीत में अपने कोच मनीष ओझा के किए दावे को वैभव सूर्यवंशी कब तक पूरा करेंगे ये तो इस सीजन में आगे पता चल ही जाएगा. लेकिन, फिलहाल वो इस IPL सीजन में ऑरेंज कैप होल्डर जरूर बन गए है. RCB के खिलाफ 78 रन की पारी खेलने के बाद वैभव सूर्यवंशी को ना सिर्फ ऑरेंज कैप मिला है बल्कि उसके अलावा वो छक्कों के बादशाह और स्ट्राइक रेट के सुल्तान भी बन गए.

IPL 2026 में खेले 4 मैच के बाद वैभव सूर्यवंशी के पूरे 200 रन हैं. इस दौरान उन्होंने सबसे ज्यादा 18 छक्के मारे हैं. वहीं उनका 266.66 का स्ट्राइक रेट भी सबसे ज्यादा है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.