गुजरात के कच्छ जिले के लोदाई इलाके में पानीपुरी खाने के बाद 100 लोगों के बीमार पड़ने का मामला सामने आया है. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. सभी प्रभावित लोगों को तुरंत भुज के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
जानकारी के अनुसार, लोदाई क्षेत्र में एक ही स्थान पर पानीपुरी खाने के बाद अचानक बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी. लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी शिकायतें होने लगीं, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन को इसकी सूचना दी गई.
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत कार्रवाई की. प्रभावित लोगों को एंबुलेंस और अन्य साधनों के जरिए भुज के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि करीब 100 लोग पानी-पुरी खाने से बीमार हुए हैं.
स्वास्थ्य विभाग कर रहा जांचइस घटना के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग एक्शन मोड में आ गया. स्वास्थ्य विभाग की दो टीमें लोदाई पहुंची और फूड पॉइजनिंग के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी. शुरूआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि पानीपुरी में इस्तेमाल किए गए पानी या मसालों की गुणवत्ता खराब हो सकती है.
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इलाके में खाद्य और पेय पदार्थों की सप्लाई पर अस्थायी रोक लगा दी है. खासकर बाहर से आने वाले फूड ट्रकों की जांच के आदेश दिए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही को रोका जा सके.
स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं. रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारणों का पता चल पाएगा. विभाग का कहना है कि जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें – ‘धक-धक…’ गाने पर साड़ी पहन छात्रा ने किया था डांस, अब क्यों रो पड़ी?