दुनिया की मशहूर लग्जरी कार कंपनी Rolls-Royce ने अपनी पहली ऑल-इलेक्ट्रिक कन्वर्टिबल कॉन्सेप्ट कार Project Nightingale पेश कर दी है. ये कार कंपनी के खास कोचबिल्ड कलेक्शन का हिस्सा है, जिसे खास तौर पर अमीर ग्राहकों और कलेक्टर्स के लिए डिजाइन किया गया है. इस कार की सबसे बड़ी खासियत इसका यूनिक डिजाइन और शानदार इंटीरियर है. इसकी छत को खोला जा सकता है, जिससे यह एक कन्वर्टिबल कार बन जाती है. हालांकि, फिलहाल कंपनी ने भारत में इसकी लॉन्चिंग को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है.
दरअसल, इस कार का डिजाइन काफी खास और अलग है. इसके फ्रंट में V शेप का बोनट दिया गया है, जो इसे एक दमदार लुक देता है. साथ ही इसमें Rolls-Royce की अब तक की सबसे चौड़ी Pantheon ग्रिल लगाई गई है, जो इसकी पहचान को और मजबूत बनाती है. इस कार में वर्टिकल हेडलाइट्स दी गई हैं, जो आम कारों से बिल्कुल अलग दिखती हैं. इसके अलावा इसमें 24-इंच के बड़े अलॉय व्हील्स लगाए गए हैं, जिन्हें जहाज के प्रोपेलर जैसा डिजाइन दिया गया है. ये डिजाइन इसे सड़क पर एक अलग पहचान देता है.
इस कार का इंटीरियर इसकी सबसे बड़ी खासियतों में से एक है. इसमें 10,500 छोटी-छोटी LED लाइट्स लगाई गई हैं, जो खास पैटर्न में चमकती हैं और केबिन को एक शानदार अनुभव देती हैं. कार के अंदर ब्लू और व्हाइट कलर का प्रीमियम लेदर इस्तेमाल किया गया है, जिस पर सुंदर सिलाई की गई है. डैशबोर्ड पर काले रंग की लकड़ी से V शेप डिजाइन दिया गया है, जो इसे क्लासिक टच देता है. कार की छत को कैशमीयर और खास फैब्रिक से बनाया गया है, जिससे अंदर शांति बनी रहती है और बाहर का शोर कम सुनाई देता है.
Project Nightingale में मॉडर्न और क्लासिक टेक्नोलॉजी का बेहतरीन कॉम्बिनेशन देखने को मिलता है. इसमें नए जमाने के फीचर्स के साथ-साथ पुराने स्टाइल के फिजिकल बटन भी दिए गए हैं, जिससे ड्राइविंग के दौरान ड्राइवर का ध्यान कम भटकता है. यह कार पूरी तरह इलेक्ट्रिक है, जिससे यह पर्यावरण के लिए भी बेहतर मानी जाती है. इसके अलावा इसमें बड़ा बूट स्पेस भी दिया गया है, जिससे लंबी जर्नी के दौरान सामान रखने में आसानी होती है.
बता दें कि ये कार एक लिमिटेड एडिशन मॉडल है और कंपनी इसकी सिर्फ 100 यूनिट्स ही बनाएगी. इसका मतलब है कि दुनिया में केवल 100 लोग ही इस खास कार के मालिक बन पाएंगे. इसकी डिलीवरी साल 2028 से शुरू होने की उम्मीद है. इस कार का नाम “Nightingale” कंपनी के संस्थापक हेनरी रॉयस के फ्रांस स्थित घर के नाम पर रखा गया है.
EV चार्जिंग स्टेशन से कर सकते हैं लाखों की कमाई, सरकार दे रही अमीर बनने का मौका