बाजार में लौटी बहार… कंपनियों के बंपर नतीजों से झूमा शेयर बाजार, क्या अब होगी छप्परफाड़ कमाई?
TV9 Bharatvarsh April 18, 2026 10:42 AM

बीते कुछ हफ्तों से शेयर बाजार में जो उथल-पुथल मची थी, अब वह धीरे-धीरे खत्म होती दिख रही है. मार्च के महीने में मध्यपूर्व के तनाव ने निवेशकों की रातों की नींद उड़ा दी थी, लेकिन अप्रैल की शुरुआत के साथ ही दलाल स्ट्रीट पर रौनक वापस लौट आई है. बाजार में लगातार दूसरे हफ्ते तेजी का माहौल है. सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि कंपनियों के चौथी तिमाही के नतीजे उम्मीद से कहीं ज्यादा शानदार आ रहे हैं. इसी बंपर मुनाफे के दम पर शेयर बाजार एक बार फिर झूमने लगा है. 17 अप्रैल को निफ्टी 156 अंकों की मजबूती के साथ 24,353 के स्तर पर बंद हुआ, वहीं सेंसेक्स ने भी 504 अंकों की छलांग लगाकर 78,493 बंद हुआ.

ग्लोबल टेंशन घटी, तो बाजार ने पकड़ी रफ्तार

बाजार के इस शानदार कमबैक के पीछे सिर्फ कंपनियों के नतीजे ही नहीं, बल्कि सुधरते वैश्विक हालात भी हैं. अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत शुरू होने की सुगबुगाहट से जियोपॉलिटिकल टेंशन काफी हद तक कम हुई है. इसका सीधा असर कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ा है, जो लगातार 100 डॉलर प्रति बैरल के नीचे बनी हुई हैं. यही वजह है कि पिछले हफ्ते 6 फीसदी की शानदार तेजी दिखाने के बाद, इस हफ्ते भी सेंसेक्स और निफ्टी 1.3 फीसदी की मजबूत बढ़त बनाने में कामयाब रहे.

कंपनियों ने खोला मुनाफे का पिटारा

बाजार में असली जोश वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) के नतीजों ने भरा है. एफएमसीजी से लेकर ब्रोकिंग और एनर्जी सेक्टर तक, हर जगह कंपनियों ने शानदार कमाई की है. एफएमसीजी दिग्गज बजाज कंज्यूमर केयर का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 105 फीसदी से ज्यादा बढ़कर 63.59 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. वहीं, ब्रोकिंग फर्म एंजेल वन ने भी बाजार को चौंकाते हुए 320.23 करोड़ रुपये का तगड़ा मुनाफा कमाया है, जो पिछले साल के मुकाबले 83.5 फीसदी अधिक है.

सिगरेट बनाने वाली कंपनी VST इंडस्ट्रीज के आंकड़े तो और भी शानदार रहे. कंपनी का मुनाफा दोगुना होकर 117 करोड़ रुपये हो गया है. इसके अलावा, वारी रिन्यूएबल टेक्नोलोजिज ने भी 66 फीसदी की छलांग के साथ 155.7 करोड़ रुपये का तगड़ा मुनाफा दर्ज किया है, जबकि इसका रेवेन्यू 1,102.4 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया.

रॉकेट बन गए ये शेयर

इन बंपर नतीजों का सीधा असर कंपनियों के शेयरों पर दिखा. 17 अप्रैल के कारोबारी सत्र में इन शेयरों ने निवेशकों की झोली भर दी. बजाज कंज्यूमर केयर का शेयर 52 हफ्ते के नए हाई (495.20 रुपये) पर पहुंच गया और दिन भर में 15.5 फीसदी तक चढ़ने के बाद करीब 10 फीसदी की मजबूती के साथ बंद हुआ. एंजेल वन के शेयरों में भी करीब 11 फीसदी का शानदार उछाल देखा गया और दिग्गज ब्रोकरेज हाउस भी इस शेयर को लेकर पॉजिटिव हैं. सबसे ज्यादा गदर VST इंडस्ट्रीज ने मचाया, जिसके शेयर 15 फीसदी से ज्यादा भाग गए. इसके दमदार नतीजों ने सिगरेट सेक्टर की अन्य कंपनियों जैसे ITC और गॉडफ्रे फिलिप्स के शेयरों में भी तेजी ला दी.

इन दो बड़े बैंकों पर रहेगी बाजार की नजर

कंपनियों के इन शुरुआती रुझानों ने बाजार का मूड पूरी तरह सेट कर दिया है, लेकिन अगला बड़ा ट्रिगर अभी बाकी है. 18 अप्रैल को देश के दो सबसे बड़े प्राइवेट बैंक, एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) और आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank)अपने नतीजे जारी करेंगे. निफ्टी बैंक और निफ्टी 50 इंडेक्स में इन दोनों की बड़ी हिस्सेदारी है. 20 अप्रैल को जब बाजार खुलेगा, तो इन बैंकों के नतीजे ही बाजार की आगे की दिशा तय करेंगे.

ये भी पढ़ें- विप्रो बायबैक का पूरा गणित 250 रुपये का ऑफर, लेकिन जेब में असली मुनाफा कितना आएगा?

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.
© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.