यूपी में गर्मी का कहर… 45 डिग्री के पार पहुंचा पारा, MP में हीटवेव; क्या है दिल्ली-राजस्थान के मौसम का हाल?
TV9 Bharatvarsh April 18, 2026 10:42 AM

देशभर में मौसम तेजी से बदल रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक अगले 5-7 दिनों में कई राज्यों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और लू का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा. आज दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ रहने और आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है. बारिश के आसार नहीं हैं. कल दिल्ली का अधिकतम तापमना 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

मौसम विभाग ने आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद जताई है. IMD के अनुसार एक तरफ जहां कई राज्यों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट है, वहीं दूसरी तरफ कई राज्यों भीषण गर्मी और हीटवेव की संभावना जताई गई है. मौसम में यह बदलाव सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रहा है.

यूपी-बिहार में कैसे रहेगा मौसम?

यूपी में आज बारिश की संभावना नहीं है. दिन में तेज धूप होने के कारण गर्मी बढ़ने के आसार हैं. कल शाम गाजियाबाद सहित पश्चिमी यूपी के कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली. IMD ने आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना जताई है. शुक्रवार को बांदा सबसे गर्म वाला जिला रहा. अधिकतम तापमान 45.4°C दर्ज किया गया.

बिहार में भी मौसम करवट ले रहा है. आज पटना सहित कई इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ मौसम सामान्य रहने की उम्मीद जताई गई है, जबकि सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया सहित कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.

एमपी में हीटवेव का अलर्ट

एमपी में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है. मौसम विभाग ने 17 से 19 अप्रैल तक राज्य में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. राजस्थान में आज मौसम शुष्क रहेगा और गर्मी रहेगी. 17 से 30 अप्रैल के बीच मौमस यू-टर्न ले सकता है. सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर भारत में अगले 5 दिनों तक हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. अरुणाचल प्रदेश में 1821 अप्रैल के बीच भारी बारिश, असम और मेघालय में 1920 अप्रैल को बारिश के आसार हैं.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.