गेंदबाजी करना भूलीं भारतीय गेंदबाज, फेंकी इतनी सारी वाइड, साउथ अफ्रीका ने 6 विकेट से हराया
TV9 Bharatvarsh April 18, 2026 10:42 AM

IND W vs SA W 1st T20: भारतीय महिला क्रिकेट टीम इस समय साउथ अफ्रीका के दौरे पर है. दोनों टीमों के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है. टी20 सीरीज के पहले मैच में साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट की शानदार बल्लेबाजी के दम पर मेजबान टीम ने भारत को छह विकेट से हरा दिया. यह मैच डरबन में खेला गया, जहां भारतीय गेंदबाजों ने काफी खराब प्रदर्शन किया और पेस अटैक की लापरवाही साफ नजर आई.

हरमनप्रीत कौर ने खेली कप्तानी पारी

इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 157 रन बनाए, जो इस पिच पर काफी कम थे. शेफाली वर्मा ने तेज शुरुआत की और 20 गेंदों पर 34 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल रहा. वहीं, स्मृति मंधाना 14 गेंदों पर 13 रन बनाकर आउट हो गईं. हरमनप्रीत कौर ने नाबाद 47 रन बनाए, वहीं जेमिमा रोड्रिग्स ने 29 गेंदों पर 36 रन की पारी खेली. दोनों के बीच 51 गेंदों में 71 रनों की साझेदारी हुई, लेकिन आखिरी पांच ओवरों में भारतीय बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सकी और सिर्फ 33 रन ही जुड़ सके.

दूसरी ओर, साउथ अफ्रीका के लिए तेज गेंदबाज आयाबोंगा खाका और तुमी सेकुखुने ने अच्छा प्रदर्शन किया. आयाबोंगा खाका ने कुल 3 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया. वहीं, तुमी सेकुखुने ने 2 विकेट हासिल किए. स्पिनर नॉनकुलुलेको म्लाबा भी प्रभावी रहीं और 1 सफलता हासिल करने में कामयाब रहीं.

लौरा वोल्वार्ड्ट के दम पर जीता साउथ अफ्रीका

जवाब में साउथ अफ्रीका ने 19.1 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 158 रन बनाकर आसानी से टारगेट हासिल कर लिया. कप्तान लॉरा लौरा वोल्वार्ड्ट ने 39 गेंदों पर 51 रनों की अहम पारी खेली, जिसमें उन्होंने शुरुआती ओवरों में आक्रामक खेल दिखाया. उन्होंने दीप्ति शर्मा के एक ओवर में तीन चौके भी जड़े. श्रेयंका पाटिल ने उन्हें आउट किया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था. इसके बाद एनेरी डर्कसेन ने नाबाद 34 गेंदों पर 44 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई.

इस मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने कुल 14 वाइड गेंदें फेंकी, जो काफी महंगी साबित हुईं. स्पिनर श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी ने अच्छा कंट्रोल रखा, लेकिन पेसर अरुंधति रेड्डी पूरी तरह से बिखरी नजर आईं और साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों ने उनका खूब फायदा उठाया.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.